आगरालीक्स …आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से एमएसडब्ल्यू करने के लिए होगी प्रवेश परीक्षा। विवि के समाज विज्ञान संस्थान में संचालित होने वाले एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम के लिए प्रवेश परीक्षा का कार्यक्रम जारी। ( DBRAU, Agra : MSW entrance exam on 11th August)
आईएसएस के निदेशक प्रो. मोहम्मद अरशद के अनुसार अभी तक एमएसडब्ल्यू के लिए तीन सौ से अधिक आवेदन मिले हैं। एमएसडब्ल्यू सत्र 2024-2025 में प्रवेश के लिए वेब पंजीकरण कराने वाले छात्रों की प्रवेश परीक्षा 11 अगस्त को कराने की तैयारी है। परीक्षा विश्वविद्यालय के पालीवाल पार्क परिसर में समाज विज्ञान संस्थान में आयोजित की जाएगी।
प्रवेश परीक्षा के माध्यम से संस्थान के नियमित और सेल्फ फाइनेंस मोड पर संचालित होने वाले एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम में प्रवेश मिलेगा। विभागाध्यक्ष डॉ. रनवीर सिंह के अनुसार एमएसडब्ल्यू प्रवेश परीक्षा में छात्रों को अंग्रेजी भाषा, मानसिक क्षमता (अंकगणित, तर्क और तर्क) और भारत में सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक रुझानों के बारे में जागरूकता से जुड़े प्रश्नों के उत्तर देने होंगे।