आगरालीक्स…( Agra Education News ) आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में नए सत्र 2024-25 में प्रवेश की कवायद, 11 सदस्यीय कमेटी छात्रों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रवेश प्रक्रिया के आर्डिनेंस में कर सकती है बदलाव।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. राजीव कुमार की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। कमेटी में प्रति कुलपति प्रो. अजय तनेजा, डीन अकादमिक प्रो. संजीव कुमार, निदेशक सेठ पदमचंद जैन संस्थान प्रो. ब्रजेश रातव, निदेशक आईआईटी प्रो. मनु प्रताप सिंह, सेंट जॉन्स कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एसपी सिंह, वैकुंठी देवी गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्य प्रो. पूनम सिंह, आरबीएस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विजय श्रीवास्तव के साथ-साथ आईईटी के डॉ. गिरीश कुमार, डॉ. श्यामली गुप्ता, डॉ. सौरभ गर्ग को शामिल किया गया है।
कमेटी के संयोजक प्रो. संजीव कुमार बनाए गए हैं। कमेटी में शामिल कुलसचिव डॉ. राजीव कुमार के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया का कार्य ऑनलाइन सम्पन्न कराने, विश्वविद्यालय आवासीय परिसर एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों के लिए प्रवेश निर्देशिका, संशोधन या अन्य सुझाव के साथ सम्पूर्ण प्रस्ताव तैयार करने के लिए कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी पूर्व से स्थापित प्रवेश नियमावली, परिनियमावली का अध्ययन और परीक्षण करने के बाद वर्तमान परिस्थितियों में विश्वविद्यालय के अनुरूप एवं छात्रहित में संशोधन और बदलाव भी करने के लिए प्रस्ताव देगी।