आगरालीक्स…आगरा में मां सिद्धिदात्री की भक्ति में झूमे श्रद्धालु, कमला नगर के कावेरी मंदिर में डांडिया उत्सव के साथ मनाई गई महानवमी
कमला नगर स्थित कावेरी कुंज मंदिर में मां सिद्धिदात्री के समक्ष भक्तिमय भजन संध्या का आयोजन किया गया। कावेरी मंदिर कमेटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में माता के भजनों की मधुर स्वर लहरियां गूंज उठीं। भजनों पर श्रद्धालु भक्ति भाव में विभोर होकर झूम उठे और मां के जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान हो गया।
मां के दिव्य स्वरूप के समक्ष सजे फूल बंगले ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भजन संध्या के दौरान भक्तों ने माता की महिमा का गुणगान करते हुए आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया। डांडिया उत्सव और भक्ति संगीत के उल्लास के बीच श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए तथा प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल, महामंत्री देवेंद्र अग्रवाल, आरके शास्त्री, राजीव अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल, कृष्ण गुप्ता आदि उपस्थित रहे।