आगरालीक्स.. आगरा में 2825 तालाब हैं, इन पर कब्जा भी नहीं है। इनकी खुदाई के लिए बजट भी है लेकिन खुदाई नहीं की जा रही। इसे लेकर गुरुवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री , अध्यक्ष जिला सहकारी समिति मंत्री अरिदमन सिंह ने डीएम एनजी रवि कुमार से मुलाकात कर जिला प्रशासन द्वारा बारिश से पहले तालाबों की खुदाई करने में दिखाई जा रही उदासीनता पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा है कि संबंधित उप जिलाधिकारी से जवाब तलब किया जाए कि उन्होंने अभी तक तालाबों की खुदाई क्यों नहीं शुरू कराई है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री अरिदमन सिंह ने बताया कि आरटीआई के माध्यम से मिली जानकारी के अनुसार जिले में 2825 तालाबों पर कब्जा नहीं है लेकिन ये गंदगी से भरे हुए हैं। ऐसे में इन तालाबों की बारिश से पहले खुदाई करा दी जाए तो बारिश के पानी से तालाब भर जाएंगे, इससे वर्षा जल संचयन के साथ ही भूगर्भ जलस्तर में सुधार होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी यही चाहते हैं। इसके लिए 27 मई को जिला प्रशासन से कहा गया था कि 2825 तालाब जिन पर कब्जा नहीं है, उनकी 13 व 14 वें वित्त आयोग की धनराशि और मनरेगा की धनराशि के माध्यम से गहरी खुदाई कराई जाएगी। इसमें जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोगों की सहभागिता भी हो, इसके लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री ने अपने स्तर से प्रयास करने का आश्वासन दिया था। उन्होंने बाह में विधायक पक्षालिका सिंह के माध्यम से तालाब की खुदाई भी कराई लेकिन अन्य ब्लॉकों में तालाबों की खुदाई नहीं हुई है। इस मामले में पूर्व कैबिनेट मंत्री ने डीएम से संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब करने के साथ ही तालाबों की खुदाई कराने के लिए कहा है।