आगरालीक्स….(27 October 2021 Agra News) आगरा में दीपोत्सव नजदीक आते ही चमकने लगे शहर के बाजार. कपड़ा, ज्वेलरी, इलेक्ट्रोनिक के मार्केटस गुलजार पर सबसे अधिक बिजी हैं ये दुकानदार

इस बार चमक रहा बाजार
जैसे-जैसे दीपावली का त्योहार नजदीक आता जा रहा है, बाजारों में त्योहार की रौनक दिखाई देने लगी है। बाजार में हर दुकानदार व्यस्त है। खरीददारी बढ़ गयी है। जिसकी जैसी दुकान है, उसकी वैसी बिक्री हो रही है। पिछले साल बाजारों में कोरोना महामारी के चलते रौनक नहीं थी लेकिन इस बार बाजार चमक रहा है। खासकर कपड़ा बाजार सबसे ज्यादा दमक रहा है। रेडीमेड गारमेंट्स पर दिन भर खरीददारों की भीड़ दिखाई दे रही है। बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए एक से बढ़कर एक वैरायटी मौजूद है। दुकानदार इस बार त्योहारी पांच दिनों में अच्छे कारोबार की उम्मीद कर रहे हैं।

ज्वैलरी बाजार में चमक
धनतेरस के नजदीक आते-आते ज्वैलरी बाजार में चमक देखने को मिल रही है। सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम बढ़ रहे हैं। सोना और चांदी के भाव बढ़ने के बाद भी गहनों की खरीददारी बढ़ रही है। लोग अपनी क्षमता के अनुसार गहने खरीद रहे हैं। इस बार वजन में हलके गहनों की मांग बढ़ रही है। इलेक्ट्रानिक बाजार में फ्रिज, टीवी, वाशिंग मशीन, एलईडी, म्यूजिक सिस्टम की बिक्री हो रही है। ज्यादातर लोगों ने इन आइटमों की खरीददारी धनतेरस पर करने का मन बनाया है। इसी तहर आॅटोमाबाइल बाजार में बाइक्स की बिक्री सबसे ज्याहा हो रही है। स्कूटर भी खरीदे जा रहे हैं। धनतेरस और दीपावली पर घर ले जाने के लिए कारों की बुकिंग भी करायी जा रही है।

पेंट्स दुकानदार सबसे ज्यादा बिजी
इस समय पेंट्स के दुकानदार सबसे ज्यादा व्यस्त हैं। हर व्यक्ति दीपावली से पहले अपनी दुकान और प्रतिष्ठान की सफाई कर लेना चाहता है। पेंट्स की दुकानों पर सुबह से शाम तक भीड़ दिखाई दे रही है। लोग घर और दुकानों मेें लगाने के लिए रंग खरीद रहे हैं। एक जमाना था जब दीपावली के मौके पर घरों में सफेदी की जाती थी। अब डिस्टेंपर और आॅयल पेंट्स का जमाना है। इस समय पेंटरों की मांग बहुत बढ़ गयी है। सीजनल मांग को देखते पेंटरों ने अपने रेट बढ़ा दिए हैं। कोई पेंटर खाली नहीं मिल रहा है।