आगरालीक्स…आगरा में इंडेन का स्मार्ट सिलेंडर लीजिए. सिलेंडर में गैस बची है या नहीं, इसका होगी जानकारी. आपकी किचन को भी बनाएगा स्मार्ट…जानिए खासियत
आगरा में लांच हुआ घरेलू कम्पोजिट सिलेंडर
महंगाई के इस दौर में बचत करना अब बहुत जरूरी हो गया है. घरेलू गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं. आगरा में ही 14.2 किलोग्राम का सिलेंडर 900 रुपये से अधिक हो गया है. ऐसे में आगरावासियों के लिए इंडेन ने अपना स्मार्ट सिलेंडर यानी कम्पोजिट सिलेंडर लांच किया है. मंगलवार को केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और उनकी पत्नी मधु बघेल ने इसे लांच किया. इंडियन ऑइल कार्पोरेशन द्वारा पेश किए गए इस आकर्षक कम्पेाजिट घरेलू गैस सिलेंडर का पहलना कनेक्शन जारी किया गया. आगरा इंडेन के मंडलीय कार्यलय पर मंडलीय एलपीजी प्रमुख श्यामल देबनाथ ने केंद्रीय मंत्री को पहला कम्पोजिट सिलेंडर सौंपा.
जानिए इसकी खासियत
आमतौर पर आपने देखा होगा कि लोगों को ये नहीं मालूम हो पाता कि उनके गैस सिलेंडर में गैस बची है या नहीं. सर्दियों के समय में खासकर ऐसा हो जाता है. इस चक्कर में कई बार सिलेंडर की बची हुई गैस का इस्तेमाल किए बगैर नए सिलेंडर को लगा दिया जाता है. हालांकि, कंपोजिट सिलेंडर में ऐसा नहीं है. इस सिलेंडर की खासियत ये है कि ये सिलेंडर तीन अलग-अलग परतों में होता है. इस सिलेंडर में आप अच्छी तरह से देख सकेंगे कि सिलेंडर में गैस कितनी बची हुई है. कई बार ऐसा भी होता है डिस्ट्रीब्यूटर या हॉकर सिलेंडर दे जाते हैं लेकिन उनमें गैस कम होती है और आप उनकी चोरी नहीं पकड़ पाते. लेकिन इस सिलेंडर में आप उनकी चोरी को आसानी से पकड़ सकते हैं. इसके अलावा आप ये आसानी से देख सकेंगे कि अभी गैस कितनी बची है और बुकिंग उसी के अनुरूप कर सकते हैं. ये सिलेंडर आगरा में 14.2 किलो और 5 किलो गैस के हिसाब से है.
वजन में हल्का
स्मार्ट कंपोजित सिलेंडर की एक खासियत ये है कि ये मौजूदा गैस सिलेंडर के मुकाबले इसका वजन आधा है. इसके अलावा आप कंपोजिट सिलेंडर जहां आप रखेंगे वहां किसी प्रकार का निशान नहीं छोड़ेगा. इसमें जंग लगने की कोई वजह ही नहीं है. इसकी बेहतरीन डिजाइन इसे आकर्षक बनाता है.