आगरालीक्स …आगरा के डॉ आंबेडकर विवि की परीक्षा में भाजपा नेता कॉलेज के छात्रों को सामूहिक नकल में एसडीएम और पुलिस की टीम ने पकडा, इसी केंद्र पर तमंचा लगाकर नकल कराने और छात्रों को जमीन पर बिठाने के वीडियो वायरल हुए थे। परीक्षा केंद्र से बडी मात्रा में नकल सामग्री को जब्त की गई है, सिटी मजिस्ट्रेट को रिपोर्ट सौंप परीक्षा निरस्त करने की संस्तुति की है।
आंबेडकर विवि की मुख्य परीक्षा में भाजपा नेता के दो कॉलेजों के छात्रों सहित तीन कालेजों की परीक्षा क्रष्णा एकेडमी बिचपुरी में चल रही हैं, बुधवार को तमंचा लगाकर नकल कराने का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद भी नकल नहीं रुकी, शुक्रवार द्वितीय पाली में एसडीएम सदर श्यामलता आनंद और सीओ लोहामंडी चमन सिंह चाबड़ा ने छापा मारा। इससे भगदड़ मच गई। खिड़कियों से नकल सामग्री बाहर फेंकी जाने लगी। एसडीएम श्यामलता ने मीडिया को बताया कि केंद्र में सामूहिक नकल हो रही थी। परीक्षा कक्ष से सॉल्व पेपर मिले हैं। खिड़की के पास और बाहर भी बैंक क्वेश्वर बैंक का जखीरा मिला है। एक-एक सीट पर चार-चार छात्र बैठे थे। कॉपी एक जैसे उत्तर मिले हैं। केंद्र में स्थिति बेहद खराब थी। एसडीएम ने बताया कि केंद्र में कक्ष निरीक्षक भी फर्जी मिले। कक्ष निरीक्षक के रूप में छात्रों को तैनात कर दिया गया था। इसके अलावा और भी अनियमिताएं मिली हैं।
एटा के कॉलेज में 10 कक्ष निरीक्षक हिरासत में लिए
गुरुवार को अलीगंज रोड स्थित दीनबंधु दीनानाथ महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर उपजिलाधिकारी सदर ब्रजेश कुमार सिंह एवं सीओ वरुण कुमार ने छापा मारा। कॉलेज में बीएससी भौतिक विज्ञान का पेपर चल रहा था। अधिकारियों ने जब परीक्षार्थियों की कापियां देखीं तो अधिकांश के उत्तर एक जैसे ही नहीं थे वरन सवालों क्रम में भी समानता थी। छात्रों से सवालों के जवाब पूछे गए, जिनके उन्होंने कॉपी में उत्तर लिख दिए थे, उसका भी जवाब नहीं दे सके। ऐसे में सामूहिक नकल की आशंका में केंद्र पर मौजूद दस कक्ष निरीक्षकों को कोतवाली देहात पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
आगरा के डॉ भीमराव आंबेडकर विवि की मुख्य परीक्षाएं चल रही हैं। गुरुवार को आगरा ग्वालियर रोड स्थित राजा एसपी सिंह कॉलेज में तीसरी पाली में दोपहर तीन बजे से बीएससी की द्वितीय वर्ष की परीक्षा चल रही थी। कॉलेज में प्रथम तल पर छात्र मोहसिन उस्मानी निवासी आजमपाडा, शाहगंज परीक्षा दे रहा था। उसने कक्ष निरीक्षक केके तिवारी और अनिल कुमार से नकल कराने के लिए कहा, उन्होंने इन्कार कर दिया।
फाड दी कॉपी
पेपर का समय खत्म होने पर कक्ष निरीक्षक ने छात्र मोहसिन से कॉपी मांगी, इस पर उसने अपनी कॉपी फाड दी। इस मामले में परीक्षा नियंत्रक अजय दीप चौहान की तहरीर पर आरोपी छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।