आगरालीक्स …..आगरा में तूफान की तबाही से 46 की मौत के बाद खतरा नहीं टला है, दोबारा तूफान आने की आशंका है, मौसम विभाग की रिपोर्ट के बाद जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है, इसमें कहा गया है कि छह मई तक आगरा में दोबारा तूफान से तबाही हो सकती है। जिला प्रशासन द्वारा जारी की गई एडवाजरी में तूफान के समय जान बचाने के लिए दिशा निर्देश दिए हैं।
आगरा में 11 अप्रैल को 130 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से आए तूफान और बारिश से 18 लोगों की मौत हो गई थी और 50 से अधिक लोग घायल थे। आगरा के लोग इस सदमे से बाहर नहीं आ सके थे कि दो मई को 132 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से आए तूफान और बारिश में
46़ मौत हो चुकी हैं। कई लोग गंभीर हैं और 100 से अधिक घायल हैं। इस बार फसल को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है लेकिन बडी संख्या में पशु और पक्षियों की मौत हुई है। इसके साथ ही बडी संख्या में पेड टूट कर गिर गए हैं।
छह मई तक अलर्ट
मौसम विभाग की रिपोर्ट के बाद आगरा के डीएम गौरव दयाल ने एडवाइजरी जारी की है, इसमें कहा गया है कि तीन से छह मई तक दोबारा आंधी तूफान आ सकता है। तूफान के समय वाहन ना चलाएं, किसी पेड , बिजली की खंभे, होर्डिग और कमजोर दीवार के सहारे ना खडे हों। जिस घर में रह रहे हैं उसकी हालत अच्छी नहीं है तो बाहर खुले में आकर खडे हो जाएं।
100 नंबर पर दें सूचना
एडवाइजरी में लिखा गया है कि कोई घटना होने पर 100 नंबर पर तुरंत सूचना दें, टॉर्च, कुल्हाडी और सीटी अपने पास रखें, यह हादसे के बाद बचाव कार्य में मददगार साबित हो सकती है। पुलिस और प्रशासनिक मदद न पहुंचने तक अपने आस पास के लोगों से मदद लें और जान बचाने का प्रयास करें।