आगरालीक्स…आगरा में घर पर रहकर मनाया खुशियों का पर्व ईद. कोरोना के खात्मे की दुआ. गले नहीं दिल से एक दूसरे को कहा—ईद मुबारक
घर पर रहकर मनाई ईद
आज पूरे देश में ईद का त्योहार मनाया जा रहा है. ऐसा लगातार दूसरी बार हो रहा है जब कोरोना संक्रमण के कारण लोग घर पर ही रहकर ईद की खुशियां आपस में बांट रहे हैं. आगरा की प्रमुख मस्जिदों में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने कोविड प्रोटोकॉल् का पालन करते हुए नमाज अदा की. धर्मगुरुओं ने पहले ही लोगों से ईद की नमाज घर पर ही अदा करने और ईद का पर्व घर पर ही रहकर मनाने की अपील की थी. मस्जिदों में पांच से अधिक लोग नहीं पहुंचे.
सोशल मीडिया बना सहारा
कोरोना महामारी के कारण लोगों ने एक दूसरे के घर जाकर ईद की बधाई देने की बजाय सोशल मीडिया का सहारा लिया. लोगों ने अपने व्हाट्सअप, फेसबुक और ट्विटर के जरिए एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी. बच्चों में भी ईद की खुशियां देखी गईं. घरों में ही रहकर बच्चों ने आपस में ईद मनाई.

मस्जिदों के बाहर रहा पुलिस का पहरा
इधर मस्जिदों के बाहर पुलिस का पहरा रहा. लोगों से घर पर ही रहकर पर्व मनाने की अपील की जा रही थी. आगरा की शाही जामा मस्जिद, ईदगाह सहित सभी प्रमुख मस्जिदों के बाहर पुलिस मौजूद रही.