आगरालीक्स…यमुना एक्सप्रेस-वे से आगरा घूमने आने वाले वाहन चालकों को राहत मिलने वाली है। यमुना एक्सप्रेसवे पर फास्टैग फरवरी माह से शुरू हो जाएगा। इससे वाहन चालकों को टोल प्लाजा पर लाइन में नहीं लगना पड़ेगा।
यमुना एक्सप्रेस-वे से रोजाना औसतन 16 से 17 हजार वाहन गुजरते हैं। दिल्ली से बहुत से लोग रोजाना ताजमहल अथवा अन्य स्थानों को देखने के लिए आगरा आते हैं और शाम को ही अपने वाहनों से वापस लौटते हैं। यमुना एक्सप्रेस वे का नोएडा तक का रास्ता सुगम होने के कारण लोग यमुना एक्सप्रेसवे से ज्यादा जाना पसंद करते हैं। अक्सर ज्यादा ट्रैफिक के कारण टोल पर लंबी लाइन का भी सामना करना पड़ता है। कई राजमार्गो पर फास्टैग शुरू हो चुका है लेकिन यहां लाइन में लगकर टैक्स चुकाना पड़ता है। सूत्रों के मुताबिक अब सरकार के आदेश के बाद यमुना एक्सप्रेसवे अथॉरिटी ने भी अगले माह से फास्टैग व्यवस्था शुरू करने करने का निर्णय ले लिया है।