आगरालीक्स ….आगरा में एमबीए में फर्जी तरीके से प्रवेश दिखाकर 55 हजार रुपये की स्कॉलरशिप में धोधाधडी में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी डॉ प्रीतिंदर सिंह के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
सिकंदरा क्षेत्र निवासी अमित शर्मा ने आरोप लगाए हैं कि पिछले साल उसने आगरा वनस्थली महाविद्यालय में एमबीए में प्रवेश के लिए आवेदन किया। आवेदन पत्र के साथ स्नातक की मार्कशीट, आधार कार्ड और फोटो दिए, लेकिन नवंबर में कॉलेज ने उसका प्रवेश निरस्त कर दिया। इस साल वह आरबीएस डिग्री कॉलेज में प्रवेश लेने के लिए पहुंचा, उसका ब्यौरा आॅनलाइन अपलोड करते हुए मामला खुल गया। अमित कुमार शर्मा के नाम से वनस्थली महाविद्यालय में पिछले साल प्रवेश दर्शाया गया है। उसके नाम से रामबाग स्थित बैंक आॅफ इंडिया की शाखा में एकाउंट खोला गया, एकाउंट में 55 हजार रुपये दो सौर रुपये स्कॉलरशिप के आए थे, इन्हें भी निकाल लिया गया। भटकता रहा छात्र
एमबीए में प्रवेश न मिल पाने से छात्र की एक साल पहले ही बर्बाद हो चुकी है, इस बार भी प्रवेश न मिलने से वह परेशान हो गया। वह कॉलेज में गया, इसके बाद बैंक के भी चक्कर लगाए, लेकिन उसे वहां से भगा दिया गया।
एसएसपी के आदेश पर हुआ मुकदमा
छात्र के दस्तावेजों में नाम अमित शर्मा है, लेकिन अमित कुमार शर्मा के नाम से प्रवेश दर्शाया गया है, इसके लिए दस्तावेजों में भी गडबडी की गई। इस मामले में छात्र ने एसएसपी से शिकायत की, उन्होंने थाना एत्माउददौला पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दे दिए।
स्कॉलरशिप का खेल, लेखपाल भी शामिल
एमबीए सहित अन्य प्रोफेशनल कोर्स में प्रवेश लेने वाले छात्रों को जिनके परिवार की सालान आय कम है, उन्हें स्कॉलरशिप दी जाती है। कॉलेज संचालक इसी में खेल करते हैं। छात्रों के दस्तावेज लेकर उनका प्रवेश दर्शा दिया जाता है। लेखपाल से मिलकर सालान आय कम होने के दस्तावेज तैयार कराए जाते हैं, इसके बाद बैंक में एकाउंट खुलवाकर स्कॉलरशिप निकाल ली जाती है। इस तरह के तमाम केस सामने आ रहे हैं। इस मामले में एत्माउददौला थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार का कहना है कि आगरा वनस्थली महाविद्यालय, बैंक आॅफ इंडिया और लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
Leave a comment