आगरालीक्स ..आगरा में पूर्व मंत्री चौधरी बशीर सहित 46 लोगों पर खिलाफ धारा 188 और महामारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एक अगस्त को ईद है, इससे पहले मंटोला में बकरा मंडी लगती है लेकिन कोरोना के संक्रमण के चलते बकरा मंडी लगाने पर रोक थी। कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार ईद से पहले मंटोला में बकरा मंडी लगाने की अनुमति नहीं दी गई थी। गुरुवार रात काफी संख्या में विक्रेता बकरे लेकर मंटोला तिराहे पर आ गए। इससे भीड़ लग रही थी। विक्रेताओं को वहां से हटाकर पुलिस चली गई।
वीडियो के आधार पर मुकदमा
कुछ देर बाद ही चौधरी बशीर अपने कुछ साथियों को लेकर पहुंचे। लाेगों से कहा कि वे वहीं रहें। कहीं न भागें। पुलिस आएगी तो वे वहां बैठे हैं किसी को भागने की जरूरत नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि सभी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और मास्क लगाएं। मगर, मौके पर ऐसा हो नहीं रहा था। शुक्रवार को वायरल वीडियो में चौ. बशीर भाषण देते हुए दिख रहे हैं। समर्थन में लाेग नारेबाजी करते भी नजर आ रहे हैं। इसके बाद चौ. बशीर की मौजूदगी में वहां बकरों की बिक्री होती रही। वीडियो वायरल होने के बाद चौकी प्रभारी रेलवे लाइन चंद्रवीर सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया। इसमें पूर्व मंत्री चौधरी बशीर, फरमान, मिसवा, जावेद और शोएब सहित 30-40 अज्ञात शामिल हैं। सीओ छत्ता उदयराज सिंह का मीडिया से कहना है कि वीडियो के आधार पर मुकदमा दर्ज हुआ है। चिह्नित करके कार्रवाई की जाएगी।