फिरोजाबादलीक्स…घरवालों से लड़कर 20 महीने पहले की थी लव मैरिज, अब फंदे पर लटकी मिली विवाहिता. पति सहित चार के खिलाफ शिकायत
फिरोजाबाद में जसराना के नगला गेहूं में एक महिला का शव फंदे पर लटका मिला है. 20 महीने पहले उसने घरवालों की इच्छा के विरुद्ध जाकर प्रेम विवाह किया था. महिला की मौत पर मायके वाले पहुंच गए और उन्होंने पति सहित चार ससुरालियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. मृतक महिला का नाम अंजू पत्नी जितेंद्र है. रविवार को कमरे में अंजू का शव फंदे पर लटका मिला. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. अंजू के पिता दाताराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नवंबर 2024 में जितेंद्र उनकी बेटी अंजू को अपने साथ ले गया था. उस समय उन्होंने उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था. बाद में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली और नगला गेहूं में जाकर रहने लगे. पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति जितेंद्र, देवर लवकुश और परिवार के अन्य सदस्यों को अंजू के साथ मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे. इसी से क्षुब्ध आकर अंजू ने यह कदम उठाया है. इधर पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. तहरीर मिल गई है. जांच की जा रही है.