फिरोजाबादलीक्स…अपनी जन्मदिन पार्टी में किरायेदार कर गया खेल. मकान मालिक के परिवार को खिला दिया नशीला पदार्थ और लाखों का कैश व जेवरात लेकर हो गया गायब
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में व्यापारी परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है. आरोप है कि जन्मदिन पार्टी में किरायेदार ने पूरे परिवार को नशीला पदार्थ खिला दिया और इस वारदात को अंजाम दिया. सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक की टीम पहुंची और जांच की. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है.घटना शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के कटरा मीरा स्थित शान वाली गली की है. यहां व्यापारी मुरारी लाल रहते हैं. इनके मकान में एक युवक किराये पर रहता था. परिजनों के अनुसार आरोपी किरायेदार ने अपने जन्मदिन की पार्टी दी थी और इसका आयोजन घर में किया था. उसने केक काटा और मिठाई खिलाई व कोल्ड्रिंक पिलाई. आरोप है कि इस खाने पीने की चीजों में नशीला पदार्थ था जिसे खाकर मकान मालिक और उनका बेटा बेहोश हो गया. जब परिवार को होश आया तो घर से लगभग 18 लाख का कैश और लाखों रुपये के जेवरात गायब मिले. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.