लखनऊलीक्स…यूपी सरकार में मंत्री रह चुके इस नेता को सामूहिक दुष्कर्म में मिली आजीवन कारावास की सजा. दो लाख का जुर्माना भी लगा
गायत्री प्रजापति और उसके दो साथियों को मिली उम्रकैद
उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति को सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है. शुक्रवार देर शाम को एमपी एमएलए की विशेष अदालत ने धारा 376 डी एवं 5जी/6 पास्को एक्ट में दोषी पाते हुए पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति के साथ उनके दो साथियों आशीष शुक्ला व अशोक तिवारी को भी आजीवन कारावास की सजा सुनाई. कोर्ट ने तीनों पर दो लाख रुपये जुर्माना भी लगाया है. इस मामले में आरोपी रहे अमरेंद्र सिंह, विकास वर्मा, चंद्रपाल व रूपेश्वर को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया है. सभी आरोपी जेल में बंद हैं. बता दें कि सपा सरकार में खनन मंत्री रहे गायत्री प्रजापति के खिलाफ चित्रकूट की एक पीड़ित महिला ने आरोप लगाया था कि पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति और उनके साथियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी नाबालिग बेटी के साथ भी दुष्कर्म का प्रयास किया. इस मामले में 18 फरवरी 2017 को लखनऊ के गौतम पल्ली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी.