आगरालीक्स.(Agra News 15 May).. आगरा में बसपा से सांसद रहीं पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय की पत्नी सीमा उपाध्याय ने भाजपा ज्वाइन की।
आगरा के फतेहपुर सीकरी से बसपा से सांसद रहीं सीमा उपाध्याय ने शनिवार को हाथरस में जिला कार्यालय पर भाजपा की सदस्यता ली। जिलाध्यक्ष गौरव आर्य ने सीमा उपाध्याय सहित जिला पंचायत चुनाव के दौराना पार्टी से निष्कासित किए गए 11 कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल करने की जानकारी दी है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी
पूर्व मंत्री और सादाबाद के विधायक रामवीर उपाध्याय को बसपा से निष्कासित कर दिया गया था, इसके बाद उनके बेटे चिराग उपाध्याय ने भाजपा ज्वाइन की थी। पंचायत चुनाव में हाथरस के वार्ड 14 से पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय के भाई मुकुल उपाध्याय की पत्नी ऋतु उपाध्याय को भाजपा से चुनाव लडा था, परिवार में मचे घमासान के बाद अपनी देवरानी के खिलाफ सीमा उपाध्याय ने वार्ड 14 से चुनाव लडा और जीत दर्ज की। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी की सरगर्मी तेज होने लगी है, भाजपा की सीट से कम सदस्य जीते हैं, निर्दलीय चुनाव जीतने वाले सदस्यों की संख्या अधिक है। पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय ने निर्दलीय सदस्यों को अपने पाले में ले लिया, ऐसे में भाजपा ने भी चुनावी गणित को देखते हुए सीमा उपाध्याय को पार्टी में शामिल करने का ऐलान कर दिया। जिला पंचायत सदस्या सीमा उपाध्याय के भाजपा ज्वाइन करने के बाद वे ही अब भाजपा की तरफ से जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी करेंगी।