
आगरालीक्स…… आगरा में मदर डेयरी के कलेक्शन सेंटर में डिटर्जेंट व रिफाइंड मिला है। निर्दिष्ट खाद्य प्रयोगशाला (आरएफएल), कोलकाता की रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मदर डेयरी को नोटिस जारी किया जा रहा है। इसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है।
एफएसडीए की टीम ने 13 दिसंबर 2014 को बाह क्षेत्र में अभियान चलाया था। खाद्य सुरक्षा निरीक्षक एएस गंगवार ने गजौरा और शाहपुर ब्राह्मण क्षेत्र के कलेक्शन सेंटर से दूध के दो नमूने लिए थे। मेरठ स्थित प्रयोगशाला में हुई जांच में दोनों नमूने अधोमानक पाए गए। करीब तीन माह पहले एफएसडीए ने डेयरी कंपनी को इसकी जानकारी दी। इस पर कंपनी ने दूध के नमूनों को निर्दिष्ट खाद्य प्रयोगशाला, कोलकाता भेज दिया। सोमवार को दोनों नमूनों की रिपोर्ट एफएसडीए को मिल गई। दूध का पहला नमूना अधो मानक निकला है।
फैट भी निकला ज्यादा
बेट्रो रीफेक्ट्रोमीटर पर दूध को 40 डिग्री सेंटीग्र्रेड पर गर्म किया गया, तो उसमें फैट की मात्रा 43.9 फीसद मिली है, जो 40 से 43 के बीच होनी चाहिए। इसी तरह दूसरे नमूने में भी फैट की मात्रा तो ज्यादा है ही, उसमें डिटर्जेंट भी मिला है।
अभिहीत अधिकारी रामनरेश यादव ने बताया कि मदर डेयरी के एक नमूने में रिफाइंड और दूसरे में डिटर्जेंट के साथ ही रिफाइंड की पुष्टि हुई है। इसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। जिससे दूध की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया जा सके। बाह व फतेहाबाद क्षेत्र में दर्जनभर से ज्यादा चिलिंग प्लांट हैं। सभी चिलिंग प्लांट व कलेक्शन सेंटर से दूध के नमूने लिए जा रहे हैं।
Leave a comment