आगरालीक्स…आगरा में 7000 लीटर दूध और 145 किलो खोआ सड़क पर फेंक कर कराया नष्ट. रक्षाबंधन से पहले एफएसडीए की बड़ी कार्रवाई. घेवर, मेवा बाटी, काजू कतली, गुजिया के 16 नमूने जांच के लिए भेजे
रक्षाबंधन से पहले आगरा में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई है. सैंया टोल प्लाजा के पास टीम ने वाहन संख्या MP 06 GA 3008 को रोककर जांच की गई. वाहन में लगभग 7000 लीटर सप्लायर दूध भरा हुआ पाया गया. वाहन फर्म त्यागी दूध डेयरी, नियर कलावती पेट्रोल पंप, कैलारस, जिला मुरैना, मध्य प्रदेश का था. वाहन चालक रामनिवास कुशवाह पुत्र श्रीपति कुशवाह, निवासी नथालपुरा, थाना टेंटरा, सबलगढ़, मुरैना से दूध के संबंध में आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए कहा गया. चालक द्वारा मौके पर लाइसेंस, क्रय-विक्रय बिल एवं टेस्टिंग रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई. साथ ही दूध कहाँ से लाया गया तथा कहाँ ले जाया जा रहा है, इस संबंध में भी स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई. इस टीम ने दूध का 01 नमूना जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया. दूध के स्रोत के संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध न होने के कारण शेष लगभग 7000 लीटर दूध का नियमानुसार विनष्टीकरण* कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹1,75,000/ थी.
कई दुकानों पर लिए गए मिठाइयों के नमूने
इसी क्रम में विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाई एवं दुग्ध पदार्थों के विधिक नमूने भी संग्रहित किए गए. सदर भट्टी, नाई की मंडी स्थित श्री कमल चौरसिया पुत्र श्री श्याम बाबू चौरसिया से घेवर, 8/140, नाई की मंडी स्थित श्री सौरभ खंडेलवाल पुत्र श्री अनिल कुमार खंडेलवाल से घेवर, तथा मदिया कटरा चौराहा तोता का ताल वैभव गर्ग पुत्र जगन प्रसाद गर्ग से देशी घी का विधिक नमूना संग्रहित किया गया. इनके अलावा खंदारी स्थित श्री बीकानेर स्वीट्स से घेवर एवं मेवा बाटी, किशोरपुरा स्थित केदारी डेयरी एवं स्वीट्स से घेवर, मुन्ना लाल स्वीट्स, आवास विकास कॉलोनी, सिकंदरा से काजू कतली, तथा रहनकला स्थित श्री चेतराम से पनीर का विधिक नमूना संग्रहित किया गया. इसके अतिरिक्त भावना डेयरी से *दही, सतीश मिष्ठान से घेवर, कमल मिष्ठान से गुजिया, तथा लाल सिंह हलवाई, अछनेरा से खोया लड्डू का विधिक नमूना संग्रहित किया गया.
145 खोआ भी कराया नष्ट
इसी प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान ग्राम नाथूपुर, फतेहाबाद में खाद्य कारोबारकर्ता श्री श्यामू सिंह के प्रतिष्ठान से खोया का 01 विधिक नमूना एवं अपमिश्रक (वनस्पति जैसा पदार्थ) का 01 नमूना संग्रहित किया गया. मौके पर लगभग 145 किलोग्राम खोया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹29,000/- थी, को नियमानुसार विनष्ट कराया गया. इसके अतिरिक्त लगभग 52 किलोग्राम अपमिश्रक (वनस्पति जैसा पदार्थ) को नियमानुसार सीज करते हुए उपस्थित खाद्य कारोबारकर्ता श्री श्यामू सिंह की अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया.
इस प्रकार रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान कुल 16 विधिक नमूने संग्रहित किए गए. इनमें दूध, दही, पनीर, देशी घी, घेवर, मेवा बाटी, काजू कतली, गुजिया, खोया लड्डू तथा अपमिश्रक (वनस्पति जैसा पदार्थ) आदि सम्मिलित हैं. सभी नमूनों को नियमानुसार जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है. जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं संबंधित नियमों के अंतर्गत नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी. इस अभियान के दौरान कुल लगभग 7000 लीटर दूध एवं 145 किलोग्राम खोया, जिसकी अनुमानित कीमत क्रमशः ₹1,75,000/- एवं ₹29,000/- थी, का विनष्टीकरण कराया गया. साथ ही लगभग 52 किलोग्राम अपमिश्रक (वनस्पति जैसा पदार्थ) को सीज कर खाद्य कारोबारकर्ता की अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया.
प्रवर्तन कार्रवाई में राकेश कुमार, राकेश कुमार यादव, अश्वतोष कुमार सिंह, अमित कुमार सिंह एवं सुरेंद्र कुमार चौरसिया द्वारा प्रतिभाग किया गया.