आगरालीक्स…आगरा में आज फिर दो प्रतिष्ठानों से लिए गए पनीर के सैंपल. एफएसडीए के लगातार छापे. गुजिया का सैंपल भी जांच को भेजा
आगरा में मिलावटी खाने पीने की चीजों के खिलाफ लगातार एफएसडीए की कार्रवाई चल रही है. एक दिन पहले जहां अछनेरा से गंदगी में बन रहे करीब 50 किलो पनीर और 150 किलो मिश्रित दूध को नष्ट किया गया तो वहीं आज बुधवार को भी दो प्रतिष्ठानों से पनीर के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए हैं. इसके अलावा एक प्रतिष्ठान से गुजिया का भी सैंपल लिया गया है.खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश कुमार द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान पडुआपुरा, पिनाहट क्षेत्र में खाद्य कारोबारकर्ता कुलदीप परिहार के प्रतिष्ठान से पनीर का नमूना तथा लज्जाराम बासदेव प्रसाद गुजिया वाले, चम्बल रोड, पिनाहट के प्रतिष्ठान से गुजिया का नमूना संग्रहित किया गया. इसके अतिरिक्त खाद्य कारोबारकर्ता अमित राठौर पुत्र बच्चू सिंह राठौर की मां पिताम्बरा डेयरी, पुरानी मंडी, ताजगंज, आगरा से भी पनीर का नमूना संग्रहित किया गया. टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष कुमार सिंह, अमित कुमार सिंह, राकेश कुमार यादव सुरेंद्र चौरसिया आदि रहे.
संग्रहित किये गये सभी खाद्य पदार्थों के नमूनों को नियमानुसार सील कर परीक्षण हेतु खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला प्रेषित किया गया है. प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरान्त खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अन्तर्गत अग्रिम विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी.