
जूस की दुकानों पर मिलावट का खेल चल रहा है। 30 से 100 रुपये तक जूस का गिलास बेचा जा रहा है। इस तरह की लगातार शिकायतें आ रही थी। इस पर एफएसडीए की टीम ने जूस सेंटरों पर छापे मार कार्रवाई की। शनिवार दोपहर में टीम कलक्ट्रेट के सामने स्थित जूस सेंटर पर पहुंची, एक के बाद एक जूस सेंटरों की जांच की। अभिहीत अधिकारी रामनरेश यादव ने बताया कि अनार का जूस तैयार करने के लिए लाल रंग का इस्तेमाल किया जा रहा है। ये ग्राहकों को दिखाने के लिए उसमें अनार के दाने डालते हैं, इसके बाद लाल रंग का घोल मिलाकर जूस तैयार करते हैं, उसमें बर्फ की मात्रा बढा देते हैं। यह पीने में ज्यादा मीठा लगता है, इस तरह से जूस संचालक मोटी कमाई कर रहे हैं।
हो सकते हैं बीमार
इस तरह से तैयार किया जा रहा जूस बीमार कर सकता है। अभिहीत अधिकारी राम नरेश यादव ने बताया कि जूस में मिलावट के लिए किस तरह का रंग इस्तेमाल किया जा रहा था, इसमें केमिकल तो नहीं थे। इसकी जांच के लिए सैंपल लिए गए हैं, इन्हें लैब में जांच के लिए भेजा जा रहा है। वहीं, जूस सेंटर से अन्य सैंपल भी लिए गए हैं। आरोपी जूस सेंटर संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बिक रहा मिलावटी जूस
शहर में जगह जगह जूस सेंटरों पर मिलावटी जूस बिक रहा है। इसके लिए रंगों का इस्तेमाल किया जा रहा है। अनार के जूस के साथ ही मौसमी और मैंगो शेक में भी मिलावट की जा रही है। इसी तरह पंच में भी मिलावट की जा रही है।
Leave a comment