आगरालीक्स…. आगरा से दुनिया भर में संदेश दिया जाएगा कि महिलाएं सभी क्षेत्रों में सशक्त हैं, आज जी 20 देश के प्रतिनिधि मंडल चर्चा करेंगे। महिलाओं के नेतृत्व वाली उद्यमिता की ओर तेजी से बदलाव और कार्यबल में महिलाओं को अधिक से अधिक शामिल करने के लिए चुनौतियों को अवसरों में बदलने पर मंथन होगा।

शनिवार को होटल ताज कन्वेंंशन सेंटर में योग से दिन की शुरुआत होगी। सके बाद महिला एवं बाल विकास और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री श्रीमती स्मृति जूबिन ईरानी इंसेप्शन मीटिंग में शिरकत करेंगी और उद्घाटन सत्र में महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास पर अपने बहुमूल्य विचार साझा करेंगी। मंत्री ईरानी ने इटली में महिला अधिकारिता पर पहली जी20 मंत्रिस्तरीय बैठक में आपसी सहयोग के माध्यम से लिंग और महिला केंद्रित मुद्दों को संबोधित करने की दिशा में भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि की थी। बाली में जी20 महिला मंत्रिस्तरीय बैठक में, माननीय मंत्री ने महिलाओं के समग्र विकास के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने के लिए भारत द्वारा उठाए गए “परिवर्तनकारी” उपायों और महिलाओं के विकास से महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास की ओर भारत की यात्रा को साझा किया था। बाली इंडोनेशिया में जी20 एम्पॉवर 2022 के समापन समारोह में, माननीय मंत्री ने डिजिटल लैंगिक अंतर को पाटने और स्टेम, एआई और भविष्य के कौशल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता को रेखांकित किया। माननीय महिला एवं बाल विकास और आयुष राज्य मंत्री डॉ. मुंजापारा महेंद्रभाई भी भारत में महिला सशक्तिकरण पहलों पर सम्मानित सभा को जानकारी देंगे। भारत के जी20 शेरपा श्री अमिताभ कांत भारत के जी20 शेरपा के रूप में एम्पॉवर 2023 पर अपने विचार साझा करेंगे। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव श्री इंदेवर पांडे, जी20 सचिवालय, भारत सरकार और उत्तर प्रदेश राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहेंगे।