आगरालीक्स..ग्रेटर आगरा के शिलान्यास से पहले धरने पर बैठे किसान. दी चेतावनी—नहीं उतरने देंगे मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर
आगरा विकास प्राधिकरण की ओर से मंगलवार को जहां ग्रेटर आगरा प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया जा रहा है. सीएम योगी इसका शिलान्यास और भूमि पूजन करने आ रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर किसानों का विरोध तेज हो गया है. सोमवार को किसानों ने धरना दिया और चेतावनी दी कि शिलान्यास कार्यक्रम में आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर नहीं उतरने देंगे.सोमवार को दर्जनभर गांवों के किसान गांव मनोहर पुर के पास जुटे. भारतीय किसान यूनियन टिकैत के युवा विंग के मंडल अध्यक्ष विपिन यादव और किसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज शर्मा के नेतृत्व में उन्होंने धरना देना शुरू कर दिया. किसानों का आरोप है कि उनकी समस्याओं को लेकर कोई भी जिम्मेदार अधिकारी बैठक में नहीं पहुंचा. उन्होंने चेतावनी दी कि उनकी मांगों पर जब तक ठोस कार्रवाई नहीं होती, धरना जारी रहेगा और मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर रोकने का प्रयास किया जाएगा.
धरने की सूचना पर नायब तहसीलदार हरिलाल चौधरी यहां पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे. उन्होंने कहा कि जब तक एडीए उपाध्यक्ष यहां नहीं आतीं, सीएम से मिलने का समय तय नहीं होता तब तक धरना जारी रहेगा. इसके बाद एसडीएम एत्मादपुर सुमित कुमार व एसीपी देवेश कुमार पहुंचे और उन्होंने किसानों की बात फोन पर उीएम से कराई. डीएम ने किसानों को मुआवजे के लिए आश्वस्त किया जिसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया.