आगरालीक्स….दिल्ली जा रहे हैं तो अपने फोरव्हीलर्स से ये चीजें हटा लें. हो सकता है चालान. बुरी नजर तो नहीं लेकिन पुलिस की नजर रखेगी इन पर
अगर आप लगातार अपने फोर व्हीलर्स से दिल्ली जाते रहते हैं तो ये खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. अक्सर देखा जाता है कि लोग अपनी फोर व्हीलर्स पर काली चुटिया, जूते या फिर नींबू मिर्च नंबर प्लेट के आगे लगा देते हैं. ऐसा लोग इसलिए करते हैं जिससे कि किसी की बुरी नजर उनकी गाड़ी पर न पड़े, लेकिन दिल्ली में किसी की बुरी नजर पड़े या नहीं पुलिस की नजर जरूर इस पर पड़ सकती है. दरअसल नींबू मिर्च,या काली चुटिया लटकाने से गाड़ी के पूरे
नंबर दिखाई नहीं देते हैं. ऐसे वाहन चालकों पर पुलिस की नजर है. अब पुलिस ने ऐसे लोगों से निपटने का रास्ता इजाद कर लिया है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के स्पेशल कमिश्नर डॉ. मुक्तेश चंद्र ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं जिसके बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक स्पेशल ड्राइव शुरू की है. इसके तहत ऐसे सभी लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी जो नंबर प्लेट को छिपाने के लिए जान-बूझकर नंबर प्लेट पर काली चुटिया, काला कपड़ा, नींबू-मिर्ची, टेप, रस्सी या कोई भी चीज बांधते हैं. ऐसे लोगों का अब 5,000 रुपये तक का चालान कटेगा.
पुलिस के अनुसार ऐसे चालान कैमरों में कैद गाड़ियों की फोटोज के आधार पर भी कटेंगे और चालान को गाड़ी के मालिक के घर भी भेजा जाएगा.