आगरालीक्स… आगरा में विदेशी पिस्टल बनाने की फैक्ट्री पर छापा मारा, यहां से विदेशी पिस्टल मिली हैं और पिस्टल बनाने का सामान भी जब्त किया गया है। इन पिस्टलों को वह लखनऊ में सप्लाई करता था, विदेशी पिस्टल बनाने का बडा रैकेट पुलिस पूछताछ में सामने आया है। स्पेन की स्टार कंपनी और इटली की वरेटा कंपनी की पिस्टल सहित 10 पिस्टल जब्त की हैं .
दो साल पहले आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर नौ निवासी लोकेश शर्मा ने निखिल पैराडाइज कॉलोनी, शास्त्रीपुरम में प्रदीप के मकान को किराए पर लिया। उसमें अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक मशीन, ड्रिल मशीन, मिलिंग मशीन, सरफेसिंग और ग्राइंडिंग आदि मशीनें लगा दीं। वह यहां पिस्टल सहित अन्य हथियार बनाने लगा। इसकी जानकारी ट्रैफिक इंस्पेक्टर तेज बहादुर सिंह को मिली उन्होंने टीम के साथ रविवार शाम छापा मारकर फैक्ट्री से सरगना लोकेश शर्मा और शस्त्र विक्रेता हरजीत सिंह सरना पुष्पांजलि एन्क्लेव, वजीरगंज लखनऊ को गिरफ्तार कर लिया। लोकेश की निशानदेही पर कारीगर गुरुबक्श सिंह, निवासी तिलक नगर नई दिल्ली को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
एमएससी कर चुका लोकेश चला रहा था रैकेट
एसएसपी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि लोकेश के पिता मदनलाल शर्मा काफी समय से लखनऊ और आगरा के गन हाउस में शस्त्रों की मरम्मत का काम करते थे। लोकेश एमएससी की पढ़ाई के दौरान उन्हीं के साथ काम सीख गया। उसके लखनऊ, एटा, कानपुर और असोम के कई शस्त्र विक्रेताओं से संपर्क हो गए।

वर्ष 2012 में विदेशी शस्त्रों की डुप्लीकेसी की योजना बनाई। लखनऊ के शस्त्र विक्रेता हरजीत सिंह को इन्हें खपाने के लिए नेटवर्क में शामिल कर लिया। इसके बाद से ही निखिल पैराडाइज में फैक्ट्री बनाकर स्पेन की स्टार कंपनी और इटली की वरेटा कंपनी की पिस्टल की नकल तैयार करने लगा। 1.60 लाख में इसे शस्त्र विक्रेताओं को बेचा जाता था। शस्त्र विक्रेता इसे आठ लाख रुपये में लाइसेंस धारकों को बेचते थे। पुलिस ने 10 पिस्टल जब्त की हैं।
Leave a comment