आगरालीक्स ..आगरा में नशीली और गर्भपात किट का अवैध कारोबार करने वाले गिरोह का खुलासा, गोदाम में साझेदार भाजपा नेत्री के पति के साथ तीन अरेस्ट, चार करोड की नशीली दवाएं की जब्त, 17 लोग मुकदमे में नामजद।
सोमवार को कमला नगर थाने में प्रेसवार्ता में एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि 19 दिसंबर को पुलिस और ड्रग डिपार्टमेंट की टीम ने अभी तक के सबसे बडे अंतरराज्यीय नशे के लिए इस्तेमाल होने वाली दवाएं और गर्भपात किट का अवैध धंधा करने वाले गिरोह के सरगना तेज नगर कमला नगर निवासी पंकज गुप्ता उर्फ चंद्रकांत गुप्ता के घर पर छापा मारा, वह घर पर नहीं मिला। पुलिस ने पंकज गुप्ता के बेटे अमन गुप्ता को पकड लिया,उसके घर से नशे के लिए इस्तेमाल होने वाले ट्रेमाडोल कैप्सूल, नींद की एल्प्राजोलम टेबलेट, पेंटाजोसिन इंजेक्शन जब्त किए गए। इसके साथ ही अवैध रूप से स्टोर की गईं गर्भपात किट जब्त की गईं। अमन गुप्ता से पूछताछ के बाद पंकज गुप्ता के बडे भाई सूर्यकांत गुप्ता के तेज नगर स्थित घर पर छापा मारा, यहां से भी नशीली दवाएं जब्त कीं। इन दोनों ने बताया कि एक गोदाम साझेदारी में लोहिया नगर निवासी किशन अग्रवाल के घर में है, घर में आटे की चक्की है, गोदाम में दाल की बोरियों के बीच में नशीली दवाएं मिलीं। मीडिया रिपेार्ट के अनुसार, किशन अग्रवाल की पत्नी भाजपा महिला मोर्चा में कार्यकारिणी सदस्य हैं।
तीन अरेस्ट, गैंगस्टर एक्ट में होगी कार्रवाई
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि अमन गुप्ता, सूर्यकांत गुप्ता और किशन अग्रवाल को अरेस्ट कर लिया गया है, इन तीनों सहित 17 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, इन्हें पकडने के लिए पुलिस लगी हुई है।
टीम को 25 हजार का इनाम
एसएसपी बबलू कुमार ने कार्रवाई में शामिल कमला नगर के थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह, योगेंद्र सिंह, सिपाही राजीव पाराशर, ओम प्रकाश और औषधि निरीक्षक नरेश मोहन दीपक, राजकुमार शर्मा को 25 हजार का इनाम देने की घोषणा की है। यह अभी तक की सबसे बडी कार्रवाई मानी जा रही है, गिरोह के खिलाफ गैंग स्टर एक्ट में कार्रवाई की जा रही है।