आगरालीक्स…एक और वैक्सीन का होने वाला है ट्रायल…इंजेक्शन से नहीं नाक के जरिए दी जाएगी डोज. आगरालीक्स पर जानिए पूरी जानकारी.
नेजल वैक्सीन का होगा ट्रायल
कोरोना वैक्सीन के मोर्च पर देश को जल्द ही एक और अच्छी खबर मिलने वाली है. भारत बॉयोटेक कंपनी जल्द ही देश में नेजल वैक्सीन का ट्रायल करने वाली है. इस वैक्सीन के पहले दो चरणों का ट्रायल नागपुर में किया जाएगा. यह वैक्सीन नाक के जरिए दी जाएगी. ज्ञातव्य है कि भारत में जिन दो वैक्सीन को अभी तक अप्रूवल मिला है वह इंजेक्शन के जरिए बांह में लगाई जाने वाली है.
एक ही डोज होगी पर्याप्त
भारत बायोटेक के अध्यक्ष डॉ. कृष्णा इस्ला ने बताया कि उनकी कंपनी ने वाशिंगटन विश्वविद्यालय के साथ समझौता किया है. उन्होंने यह भी बताया कि नाक से दी जाने वाली इस वैक्सीन की एक ही डोज पर्याप्त होगी तथा यह इंजेक्शन के जरिए दी जाने वाली वैक्सीन से बेहतर होगी. जल्द ही भारत बायोटेक इसके ट्रायल के लिए डीजीसीआई के समक्ष आवेदन प्रस्तुत करेगा. इस वैक्सीन का ट्रायल नागपुर के अलावा भुवनेश्वर, पुणे और हैदराबाद में भी किया जाएगा.
क्या है नाक से दी जाने वाली वैक्सीन
अभी तक जो वैक्सीन बाजार में आने वाली हैं, उसमें व्यक्ति के हाथ पर ही टीका लगाया जाता है, लेकिन नेजल वैक्सीन नाक के जरिए दी जाती है. इससे शरीर में इम्यून रिस्पांस काफी बेहतर तरीके से तैयार होता है. ये नाक में किसी भी तरह के इंफेक्शन को आने से रोकता है, ताकि शरीर में न फैले.