आगरालीक्स….हाइवे पर लोगों के लिए परेशानी बना आईएसबीटी का डायवर्जन, रोजाना लग रहा जाम. ओवरब्रिज का चल रहा है निर्माण.
दोनों लेन बंद, सर्विस रोड से गुजर रहे वाहन
नेशनल हाइवे पर डायवर्जन के कारण आईएसबीटी के सामने जाम लगना रोजाना की समस्या बन गया है. इसका कारण आईएसबीटी के सामने हाइवे पर चल रहा ओवरब्रिज निर्माण कार्य है. दोनों तरफ की मुख्य लेन को बंद कर दिया गया है, जिसके कारण सर्विस रोड से ही बड़े और छोटे वाहनों को होकर जाना पड़ रहा है. सर्विस रोड छोटे हैं और वाहनों का दबाव नहीं झेल पा रहे हैं जिससे रोजाना जाम लग रहा है. सुबह से लेकर देर शाम तक यहां पर जाम की स्थिति बनी रहती है.
रेंगकर चलते हैं वाहन
राजमार्ग पर यह समस्या खंदारी फ्लाईओवर से शुरू हो जाती है और दक्षिणांचल विद्युत कार्यालय तक बनी हुई है. गुरु का ताल से आते हुए दक्षिणांचल विद्युत कार्यालय से वाहनों का डायवर्जन शुरू होता है जबकि भगवान टाकीज चौराहा से आते वक्त खंदारी फ्लाईओवर से ट्रैफिक को सर्विस रोड पर ले लिया जाता है. दोनों ओर सर्विस रोड पर वाहन रेंगकर चलते हैं. किसी भी वाहन चालक द्वारा जरा सी भी गलती या आपाधापी करने पर जाम के हालात पैदा हो जाते हैं.
नहीं नजर आते ट्रैफिककर्मी
जाम खुलवाने के लिए न तो ट्रैफिककर्मी कहीं नजर आते हैं और न ही निर्माणदायी संस्था ने अपने कर्मचारी तैनात कर रखे हैं. ऐसे में जब तक पुलिस या ट्रैफिककर्मी पहुंचते हैं तब तक लोग जाम में फंसे रहते हैं. मेन रोड पर जाम लगने से लोग ट्रांसपोर्टनगर की सड़कों की ओर अपने वाहन मोड़ लेते हैं तो वहां भी जाम लग जाता है.