आगरालीक्स …..आगरा में 38 घंटे चली आयकर विभाग की सर्च, कारोबारी ने 15 करोड़ किए सरेंडर अघोषित आय, अलीगढ़ में सोनी ज्वैलर्स के प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग का छापा।
आगरा आयकर विभाग की जांच शाखा ने रविवार सुबह आठ बजे नमक की मंडी स्थित रामकुमार गुप्ता और उनके बेटे प्रशांत गुप्ता की फर्म जीटी चेंस और ए ब्लॉक ट्रांस यमुना कॉलोनी स्थित आवास पर छापा मारा। टीम की 36 घंटे तक कार्रवाई चली। टीम ने चांदी की खरीद बिक्री, पायल की सप्लाई सहित रिकॉर्ड खंगाले। सोमवार की देर रात तक कार्रवाई चली।

15 करोड. किए सरेंडर
आयकर विभाग की जांच शाखा की सर्च 36 घंटे तक चली। सोमवार रात को जीटी चेंस के संचालकों ने 15 करोड़ सरेंडर किया है। यह वो अतिरिक्त आय है जिसे जीटी चेंस के संचालकों ने विभाग के समक्ष स्वीकार किया है। अब विभाग द्वारा किए जाने वाले टैक्स निर्धारण में इस आय को पूर्व में दिखाई गई आय के साथ शामिल किया जाएगा। इसी आय पर जीटी चेंस को आयकर विभाग को टैक्स देना होगा।
तीन महीने तक नजर रखने के बाद की गई कार्रवाई, बाजार रहा बंद
आयकर विभाग की जांच शाखा ने जीटी चेंस की खरीद बिक्री पर तीन महीने तक नजर रखी। जीटी चेंस का बड़ा काम है और कई जगह से चांदी की सप्लाई होती है और पायल बनाई जाती है। विभागीय टीम ने तीन महीने तक नजर रखने के बाद सर्च की कार्रवाई की थी। जीटी चेंस पर कार्रवाई के चलते नमक की मंडी, चौबी जी का फाटक सहित बाजार रविवार को बंद रहा। सोमवार को साप्ताहिक बंदी के चलते बाजार नहीं खुला। अब मंगलवार को दो दिन बाद बाजार खुलने की उम्मीद है।
सोनी ज्वैलर्स के प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग का छापा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आगरा, झांसी, अलीगढ़, मेरठ की 50 सदस्यीय टीम ने अलीगढ़ के सोनी ज्वैलर्स के प्रतिष्ठानों पर रविवार को छापा मारा। सोनी ज्वैलर्स के संचालक विजय अग्रवाल अलीगढ़ सराफा कमेटी के अध्यक्ष हैं। आयकर विभाग की टीम ने सोनी ज्वैलर्स के संचालक विजय अग्रवाल के मैरिस रोड स्थित आवास के साथ ही प्रतिष्ठान पर छापा मारा। यहां भी आयकर विभाग की टीम टैक्स रिवीजन को लेकर जांच कर रही है। कंप्यूटर सहित खरीद बिक्री के रिकॉर्ड खंगाले गए।