आगरालीक्स…आगरा की जनकपुरी में बनेगा भव्य जनकमहल. कल होगा भूमि पूजन. नगर निगम अधिकारियों ने परखीं तैयारियां
श्रीराम लीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित होने वाले जनकपुरी महोत्सव को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कावेरी कौस्तुभ अपार्टमेंट भावना स्टेट रोड पर बनने वाले जनक महल को लेकर भूमि पूजन कार्यक्रम की तैयारियों का बुधवार को सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने जायजा लिया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं को परखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त ने भूमि पूजन स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग, सफाई व्यवस्था तथा नाले पर निर्माणाधीन पुलिया का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिया के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि पूजन कार्यक्रम से पहले निर्माण कार्य से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि आयोजन में किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को भी प्राथमिकता के साथ दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनकपुरी महोत्सव शहर का प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है। भूमि पूजन कार्यक्रम से पहले आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्र में कहीं भी गंदगी नजर नहीं आनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सफाई, जलभराव की स्थिति और आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखने को कहा। कहा कि भूमि पूजन से पहले सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर ली जाएं और मौके पर कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए। आयोजन स्थल के आसपास किसी प्रकार की अव्यवस्था न रहे, इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान सीएसएफआई चंद्र पाल सिंह, रमेश चंद्र सैनी और जागेंद्र सिंह सहित नगर निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
जनकपुरी की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार—
जनकपुरी महोत्सव के आयोजन को लेकर नगर निगम स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। भूमि पूजन कार्यक्रम के साथ ही आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम शुरू होगा। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार का कहना है कि आयोजन से पहले सफाई, मार्ग और अन्य मूलभूत सुविधाओं को व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।