आगरालीक्स …..आगरा के जनकपुरी महोत्सव में झूले लगाने की अनुमति नहीं दी गई है, कल रामबरात निकलेगी, इसके साथ ही जनकपुरी महोत्सव शुरू हो जाएगा। मेले में बच्चे, युवक, युवती के पसंदीदा हैं झूले।
21 सितंबर को लाला चन्नौमल की बारहदरी, श्री मनकामेश्वर मंदिन से रामबरात निकलेगी और 21 से 23 सितंबर तक दयालबाग में जनकपुरी महोत्सव मनाया जा रहा है। जानकी महल की तर्ज पर मंगलम शिला के बगल में जनक महल तैयार किया गया है। इसके साथ ही जगह जगह लाइटिंग की जा रही है, प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। मगर, जनकपुरी महोत्सव में झूले को लेकर संशय बना हुआ है।

झूले लगाने के लिए नहीं दी गई अनुमति
जनकपुरी महोत्सव समिति के पदाधिकारी झूल लगाने के लिए प्रशासन से अनुमति मांग रहे हैं लेकिन अभी अनुमति नहीं मिली है। सोमवार को जनकपुरी महोत्सव समिति के पदाधिकारी झूल लगाने के लिए अनुमति लेने के लिए एडीएम फाइनेंस यशवर्धन श्रीवास्तव से मिले। उन्होंने झूले लगाने के लिए अनुमति देने से इन्कार कर दिया।
झूले से हो चुके हैं हादसे
पिछले कुछ दिनों में झूले के टूटने से हादसे हो चुके हैं। आगरा में भी शीतला देवी माता मंदिर, केंद्रीय हिंदी संस्थान रोड पर लगे मेले में झूला टूटने से हादसा हो गया था। इसके बाद से मेले में झूले के लिए नियमों को सख्त कर दिया गया है।