आगरालीक्स …आगरा में लांस नायक की गोली लगने से मौत हो गई, सदर क्षेत्र में सीओडी के वॉच टावर पर तैनात लांस नायक हरमिंदर सिंह (46) की संदिग्ध हालत में मौत पर पोस्टमार्टम कराया गया है।
आगरा के सीओडी में तैनात लांस नायक हरमिंदर सिंह पुत्र करनल सिंह निवासी बरनाला, पंजाब के रहने वाले थे। वह सेना से रिटायर्ड होने के बाद डिफेंस सिक्योरिटी कोर (डीएससी) में लांस नायक के पद पर कार्यरत थे। एक साल पहले ही आगरा आए थे। पुलिस के मुताबिक, वह सोमवार तकरीबन पांच बजे ड्यूटी पर आए। छह बजे चेक पोस्ट के वॉच टावर पर चले गए। एक साथी नीचे खड़ा हुआ था। कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज आई। इस पर अन्य सुरक्षा कर्मी आ गए। उन्होंने टावर पर देखा तो हरमिंदर सिंह के गोली लगी थी। गोली उनकी ठोढ़ी में लगने के बाद सिर से पार निकल गई।
गोली लगने से मौत
चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर थाना सदर ने बताया कि हरमिंदर के पास इंसास राइफल थी। गोली उससे चली है।