आगरालीक्स… आगरा में होली पर शराब के ठेके बंद रहेंगे, इस बार शुक्रवार सुबह से ठेके बंद हो जाएंगे और शाम पांच बजे के बाद शराब के ठेके खुल सकेंगे। जिससे होली पर हुडदंग न हो, इसके लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं।
डीएम गौरव दयाल के आदेश पर शुक्रवार को शराब के ठेके बंद रहेंगे, होली के समापन पर शाम पांच बजे के बाद ही शराब के ठेके खुलेंगे।
जुमे की नमाज का बदला समय
इसके साथ ही जुमे की नमाज के समय में बदलाव करने की अपील की है।
शाही जामा मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों में दोपहर एक बजे होने वाली नमाज 1.30 बजे और 1.30 बजे होने वाली नमाज दोपहर दो बजे के बाद अदा कराने को कहा है।
शाही जामा मस्जिद में आयोजित बैठक में इस्लामियां लोकल एजेंसी के चेयरमैन की अध्यक्षता हाजी असलम कुरैशी ने कहा कि शुक्रवार को होली का त्योहार है। इस दिन हमारे हिंदू भाई रंगों से होली खेलते हैं। आगरा की पहचान सुलहकुल की नगरी के रूप में है।
अमन के लिए होली पर बदल दिया नमाज का वक्त
होली पर जुमे की नमाज को तय समय से आधा घंटे की देरी से अदा कराएं। उन्होंने कहा कि साथ ही किसी नमाजी पर रंग गिर भी जाए तो इसे तूल नहीं दें। होली का त्योहार मिल जुलकर मनाएं। उन्होंने बताया कि एजेंसी जिले की 38 मस्जिदों की देखरेख करती है।
नायब शहर काजी मौलाना मोहम्मद उजैर आलम का कहना है कि इस्लामिया लोकल एजेंसी ने नमाज के वक्त को कुछ आगे बढ़ाने की अपील की है, जोकि सराहनीय बात है। इसका हर मुस्लिम को सहयोग करना चाहिए। कई शहरों में मुस्लिम ऐसा कर रहे हैं तो आगरा में समय बदलने में क्या हर्ज है।