आगरालीक्स…(11 June 2021 Agra News) आगरा में 15 जून तक बंद हैं ताजमहल…लाखों लोगों का रोजगार अभी भी है ‘लॉक’…जानिए 16 जून से ताजमहल को लेकर क्या है अपडेट….
दो महीने से बंद है ताजमहल
आगरा में ताजमहल पिछले 15 अप्रैल से लगातार बंद है. ताजमहल बंद होने के कारण आगरा का पर्यटन व्यापार पूरी तरह से लॉक है. कोरोना महामारी की दूसरी लहर के कारण ताजमहल को पहले 30 अप्रैल तक, फिर इसे 15 मई तक, इसके बाद 31 मई तक और अब 15 जून तक ताजमहल को बंद रखने के आदेश पारित हो चुके हैं. इसके साथ ही आगरा के अन्य स्मारक आगरा फोर्ट, फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा, बेबी ताज भी पर्यटकों के लिए पूरी तरह से बंद पड़े हुए हैं. फिलहाल सरकार का आदेश 15 जून तक इन्हें बंद रखने का है, लेकिन 15 जून के बाद इसको लेकर क्या है अपडेट…यहां जानिए.
ताज खोलने को लेकर गाइडलाइंस हो रहीं तैयार
यूपी सरकार ने कोरोना की दूसरी लहर पर काबू पाने के साथ ही प्रदेश के जिलों से आंशिक लॉकडाउन हटाना शुरू कर दिया है. आगरा को एक जून से अनलॉक कर दिया गया है. अब प्रदेश के सभी जिले अनलॉक हो चुके हैं. ऐसे में 15 जून के बाद केंद्र सरकार द्वारा ताजमहल, आगरा फोर्ट, फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा, बेबी ताज आदि स्मारकों को खोलने के आदेश पारित किए जा सकते हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 16 जून से ताजमहल सहित सभी स्मारक खोले जा सकते हैं. इनको लेकर अभी से गाइडलाइंस तैयार की जा रही हैं. जल्द ही गाइडलाइंस के साथ ताज को खोला जा सकता है. इसके अलावा ताजमहल में एक शिफ्ट में 100 लोगों की एंट्री की बात सामने आ रही है.
लाखों लोग हैं बेरोजगार
बता दें कि ताजमहल बंद होने के कारण पर्यटन से जुड़े लाखों लोग इस समय बेरोजगार हैं. आगरा में एक ताजमहल बंद होने के कारण कई लोगों का व्यवसाय जुड़ा हुआ है. गाइड से लेकर आटो चालक तक, एम्पोरियम से लेकर होटल इंडस्ट्री तक इस समय सूनी पड़ी हुई है.