आगरालीक्स… आगरा के आंबेडकर विवि में मार्कशीट के लिए रिश्वत मांगने से परेशान युवक ने परीक्षा नियंत्रक के सामने खुद पर पेट्रोल उडेल ली और आग लगाने लगा। इससे हडंकप मच गया। पीआरओ डॉ गिरजा शंकर शर्मा का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।
एटा के गांव निबरूआ सकीट निवासी प्रदीप कुमार ने 2011 में विवि से बीएससी की पढ़ाई शुरू की थी। प्रथम वर्ष की अंकतालिका में गलत विषय प्रिंट होकर आ गए। इसके बाद द्वितीय व तृतीय वर्ष की अंकतालिका भी गलत बन गई। प्रदीप को इस वर्ष बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए फार्म भरना था। इसके लिए उसे अंकतालिका सही करानी थी। वह बीते कुछ दिनों में नौ बार विवि के चक्कर लगा चुका था। नोएडा में प्राइवेट नौकरी करने वाले प्रदीप को बार-बार आगरा आने पर मानसिक और आर्थिक क्षति हो रही थी।
रिश्वत मांगने पर उठाया कदम
शुक्रवार को भी वह विवि आया था। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वह बीएससी प्रथम वर्ष अनुभाग में पहुंचा। प्रदीप का आरोप है कि अंकतालिका देने के लिए उससे रिश्वत मांगी गई। इससे परेशान होकर वह पेट्रोल पंप गया और वहां से बोतल में पेट्रोल लेकर सीधा परीक्षा नियंत्रक और कार्यवाहक कुलसचिव केएन सिंह के कार्यालय में पहुंचा। वहां पहुंचते ही उसने अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेल लिया। इससे लोगों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने तुरंत प्रदीप को माचिस जलाने से रोक दिया। इतना सब होते ही हंगामा मच गया। चीफ प्रोक्टर प्रो. मनोज श्रीवास्तव भी पहुंच गए। उन्होंने प्रदीप को कुछ ही देर में अंकतालिका देने की बात कही। इसके बाद पुलिस पहुंच गई।