आगरालीक्स …आगरा में एक युवक के एकाउंट चार करोड रुपये का ट्रांजेक्शन हो गया, उन्हें जब यह पता चला तो होश उड गए। आयकर विभाग का नोटिस आने के बाद मामले की जानकारी हुई, इस मामले में एसएसपी को तहरीर दी गई है।
लायर्स कालोनी निवासी फौरन सिंह तारंग ने एसएसपी डॉ. प्रीतिंदर सिंह से शिकायत की है कि सितंबर में उन्हें एक आयकर नोटिस मिला। कमला नगर स्थित एक प्राइवेट बैंक में उनके बेटे का खाता था। उस खाते में एक बार में 52 लाख रुपये की रकम जमा होना दर्शाया गया, वह बैंक पहुंचे। खाते की डिटेल निकलवाई। खाते की डिटेल निकलवाने पर उनके होश उड़ गए। पिछले दो साल में खाते में चार करोड़ से अधिक की रकम जमा कराई थी। पैसा महीने के आखिरी में जमा होता था। दूसरा महीना शुरू होते ही निकाल लिया जाता था। उन्हें आशंका है कि बैंक अधिकारियों ने अपना कोई टॉरगेट पूरा करने के लिए उन्हें मुसीबत में फंसाया है। हैरानी की बात यह है कि खाते में एसएमएस अलर्ट के लिए उन्होंने अपना नंबर लिखाया था। उसे काटकर मैनेजर ने अपना नंबर अंकित कर लिया था। यह गलती पकड़ने पर दोबारा उनका नंबर अंकित किया गया है। एसएसपी ने शिकायत पर शनिवार को बैंक अधिकारियों को तलब किया है। किसी मानवीय भूल के चलते ऐसा हुआ होगा तो कानूनी कार्रवाई नहीं होगी। साजिशन ऐसा किया गया होगा तो कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
चेक बुक और एटीएम था बैंक मैनेजर के पास
यह खाता बैंक मैनेजर ने ही खुलवाया था। कहा कि लोन के काम आएगा। चेक बुक भी मैनेजर के पास थी। उन्होंने साइन करके दे रखी थी। खाते में दो बार में उन्होंने जो रकम जमा कराई थी। वह पहले ही निकाल लिए थे। इसलिए चेक बुक मैनेजर के पास होने पर उन्हें कोई चिंता नहीं थी। पीड़ित ने एसएसपी को बताया कि खाते का एटीएम भी बैंक मैनेजर के पास था। खाते से रकम एटीएम के जरिए भी निकाली गई। यह जानकारी उन्हें बैंक स्टेटमेंट से हुई है। इनकम टैक्स का नोटिस नहीं आता तो उन्हें इस गड़बड़झाले की जानकारी नहीं होती।
Leave a comment