
आगरा के थाना सदर के इंद्रापुरम के एमएमआई में गोली की आवाज से सनसनी फैल गई। रविवार दोपहर तीन बजे कमरे से गोली की आवाज सुनकर आस पास के लोग आ गए, अंदर घर में जाकर देखा तो युवक और युवती के शव पडे हुए थे, युवक की शिनाख्त अलीगढ के जोहरा बाग निवासी नदीम के रूप में हुई है, जबकि महिला का नाम रुखसार है। ये मंगेतर बताए जा रहे हैं।
जनवरी में हुई थी सगाई
अलीगढ निवासी नदीम की इंद्रापुरम निवासी रुखसार से जनवरी में सगाई हुई थी। इसके बाद से नदीम का उसके घर आना जाना था। रविवार को वह रुखसार के घर पहुंचा और दोपहर में उसने पहले रुखसार को गोली मारी, इसके बाद खुद को गोली मार ली।
कुर्सी पर बैठी थी रुखसार
जिस कमरे में नदीम और रुखसार के शव मिले हैं, उसमें संघर्ष के निशान नहीं है। रुखसार का शव कुर्सी पर है, इससे लगता है कि वह कुर्सी पर बैठी थी और नदीम खडे होकर उससे बात कर रहा था। इसी दौरान रुखसार को गोली मारी गई, जिससे वह उसी स्थिति में रह गई, उसका सिर एक तरफ झुका हुआ है और हाथ पर खून का निशान है। गोली लगने के बाद उसने हाथ से देखा, लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। जबकि नदीम का शव कुर्सी के पास पडा हुआ है। उसके हाथ पीछे की तरफ हैं और कनपटी पर गोली लगी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नदीम ने पहले रुखसार को गोली मारी, इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है, नदीम ने गोली मारी है तो इसका कारण क्या है, इसकी जांच की जा रही है।
Leave a comment