आगरालीक्स…(1 June 2021 Agra)आगरा में खुले बाजार. पहले दो घंटे सफाई में बीते. अब कर रहे ग्राहकों का इंतजार. इस मार्केट में लौटी सबसे पहले रौनक
समय से पहले मार्केट खुले
आगरा आज से अनलॉक हो गया है. मार्केट खुल गए हैं. सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक ही बाजार खोलने की परमीशन है. ऐसे में शहर के बाजार समय से पहले ही खुल गए. पहले दो घंटे दुकानों के केवल सफाई में ही बीत गए. दुकान खोली तो अंदर धूल जमी हुई थी. कोने—कोने की सफाई की गई. बाहर सड़क को भी धोया गया. माल को साफ किया गया. दुकान की साफ—सफाई हुई तो दुकानदार अब ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं. दुकानदारों का कहना है कि हमें केवल साढ़े 6 बजे तक ही दुकानें खोलने की परमीशन दी गई है. दोपहर के समय तो अधिकतर ग्राहक निकलता नहीं है. ऐसे में जब तक रूटीन नहीं बनता तब तक तो ग्राहक कम ही आएंगे. लेकिन अच्छी बात ये है कि बाजार खुल गए हैं.


शाह मार्केट में पहुंचे ग्राहक
आगरा की कपड़ा मार्केट, शू मार्केट हो या फिर सराफा मार्केट, बाजार तो आज से सारे खुल गए हैं लेकिन सबसे पहले ग्राहकों को जिस मार्केट के खुलने का इंतजार था वो था मोबाइल मार्केट. शाह मार्केट के खुलते ही यहां पर लोगों की भीड़ जुट गई. दरअसल फोन आज के समय में लोगों की जरूरत है, लेकिन पिछले एक महीने से बाजार बंद होने के कारण कई लोगों के फोन में दिक्कत आ गई थी जिसके कारण वो उन्हें ठीक नहीं करा पा रहे थे. ऐसे में जब आज मार्केट खुला तो यहां सबसे अधिक ग्राहकों की भीड़ देखी गई.

45 साल से अधिक उम्र के दुकानदारों को वैक्सीनेशन अनिवार्य
जिलाधिकारी पीएन सिंह ने कल ही व्यापारियों के साथ बैठक की थी और बाजार खोलने को लेकर चर्चा की थी. डीएम ने साफ कहा है कि 45 साल से अधिक के दुकानदार और उनके कर्मचारियों को वैक्सीनेशन अनिवार्य होगा. समय—समय वह चेक करने भी आएंगे कि किसने वैक्सीन लगवाई हे या नहीं.
