मथुरालीक्स Mathura Local News : वृंदावन के ठाकुर श्री बांकेबिहारी कॉरिडोर के लिए एक और जमीन की रजिस्ट्री हुई, कीमत 1.85 करोड़ रुपये है। 5 एकड़ में 500 करोड़ से बनेगा बांकेबिहारी कॉरिडोर।
वृंदावन के ठाकुर श्री बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ उमड़ रही है, रास्ते सकरे होने के कारण समस्या होती है। लंबी लाइन लग जाती है, वीकएंड पर हालात बेकाबू हो जाते हैं। ऐसे में श्री बांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर बनाने का निर्णय लिया गया, कॉरिडोर 5 एकड़ में बनेगा और मंदिर में प्रवेश के लिए तीन गेट होंगे। जमीन मंदिर के आस पास बने सेवायतों के घर और दुकानों से ली जानी है।
322.32 वर्ग मीटर की ठाकुर बांके बिहारी के नाम की रजिस्ट्री
श्री बांकेबिहारी मंदिर के लिए राधाबल्लभ मंदिर के सेवायत परिवार यति गोस्वामी ने बिहारीपुरा स्थित 69.28 वर्ग मीटर भूमि की रजिस्ट्री 16 जनवरी को की थी। इसके बाद अब दूसरी रजिस्ट्री बिहारीपुरा के रहने वाले मनीष मिश्रा ने की है, उन्होंने 322.32 वर्ग मीटर जमीन की रजिस्ट्री ठाकुर श्री बांकेबिहारी के नाम पर की है, जमीन की कीमत करीब 1.85 करोड़ रुपये है। कई और परिवार भी रजिस्ट्री करने के लिए तैयार हो गए हैं। इस दौरान गन्ना विकास एवं चीनी मंत्री लक्ष्मी नारायाण चौधरी, डीएम चंद्र प्रकाश सिंह, एडीएम वित्त डॉ. पंकज कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।