मथुरालीक्स…गोवर्धन परिक्रमा लगाएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू. प्रेमानंद महाराज के पास भी जाएंगी. अधिकारियों ने परिक्रमा मार्ग का किया निरीक्षण. अधिकारियों ने देखीं व्यवस्थाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 मार्च को मथुरा आ रही हैं. आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर आने के बाद वह मथुरा जाएंगी और यहां के मंदिरों के दर्शन करेंगी. राष्ट्रपति का यह दूसरी बार मथुरा दौरा है. खास बात ये है कि राष्ट्रपति गोवर्धन परिक्रमा लगाएंगी और केलि कुंज आश्रम में जाकर प्रेमानंद महाराज के दर्शन भी कर सकती हैं. इसके अलावा इस्कॉन मंदिर, उड़िया बाबा आश्रम और नीम करोरी बाबा आश्रम के कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं. राष्ट्रपति के आगमन को लेकर अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है.
गोवर्धन परिक्रमा मार्ग का किया निरीक्षण
मंगलवार को मण्डल आयुक्त नगेन्द्र प्रताप ने एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय जी मथुरा जिलाधिकारी एवं एसएसपी सहित अन्य जनपदीय अधिकारियों के साथ गोवर्धन परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया. बड़ी एवं छोटी परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण करने के दौरान मंडल आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बड़ी परिक्रमा मार्ग पर पेयजल हेतु लगायी गयी एक टीटीएसपी खराब है, इसे तत्काल सही कराया जाए. शौचालय की संख्या बढ़ाये जाने हेतु जमीन चिन्हित की जाए. छोटी परिक्रमा मार्ग पर जगह-जगह विद्युत पोल और स्ट्रीट लाइट लगाए जाने का कार्य किया जा रहा है, यह कार्य जल्द पूर्ण करने एवं वेस्ट मटेरियल को परिक्रमा मार्ग से हटाए जाने के निर्देश भी दिए गए.
आयुक्त ने निर्देश दिए कि बड़ी एवं छोटी दोनों परिक्रमा मार्ग की समुचित साफ- सफाई कराई जाए. टूटी बेंच को हटवाकर नई बेंच लगाई जाए. विद्युत पोल लगाए जाने के दौरान टूटे पेडेस्टल की मरम्मत करवाई जाए. परिक्रमा मार्ग पर जितने भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं उन सभी को क्रियाशील बनाया जाए. टूटे ओवरहेड साइनेज बदलवाकर नए साइनेज बोर्ड लगाए जाएं. परिक्रमा मार्ग पर जगह जगह टूटी ग्रिल को भी तत्काल ठीक कराए जाने के निर्देश दिए गए. इससे पूर्व एडीजी, मण्डल आयुक्त, डीआईजी , डीएम एवं एसएसपी द्वारा राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत वृंदावन में इस्कॉन मंदिर, प्रेम मंदिर, केलि कुंज आश्रम, रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम कैंसर सेंटर, उड़िया बाबा आश्रम, नीब करौरी बाबा आश्रम और गोवर्धन रोड़ पर बन रहे अस्थायी हेलीपेड आदि स्थलों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए.
