आगरालीक्स… आगरा रीजन में पैदल घर लौट रहे मजदूरों ने यमुना एक्सप्रेस वे पर जाम लगा दिया, पैदल चलकर थक चुके मजदूर घर तक वाहन से पहुंचाने की मांग करने लगे, इससे एक्सप्रेस वे पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। बमुश्किल मजदूरों को समझाया जा सका, उन्हें वाहनों में बिठाकर आगे रवाना किया गया।
यमुना एक्सप्रेस वे पर बडी संख्या में गुरुवार को हरियाणा और दिल्ली से अपने घर जाने के लिए पैदल पैदम मजदूर जा रहे थे, इसमें महिलाओं के साथ ही बच्चे भी शामिल थे। यमुना एक्सप्रेस वे पर वाहन भी चल रहे हैं, आवश्यक काम के लिए वाहनों को अनुमति दी गई है। धूप में पैदल चलते चलते मजदूर थक गए, उन्हें भूख भी लग रही थी। ऐसे में मजदूरों ने मथुरा क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे पर जाम लगा दिया, इससे आवश्यक कार्य के लिए यमुना एक्सप्रेस वे से जा रहे वाहनों की लंबी लाइन लगने लगी, कुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतार लग गई।
वाहनों में बिठा दिए मजदूर
इसे लेकर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने यमुना एक्सप्रेस वे पर पहुंचकर मजदूरों को समझाया, उन्हें वाहनों में बिठाकर आगे रवाना कर दिया, इसके बाद ही यमुना एक्सप्रेस वे पर जाम खुल सका।