आगरालीक्स…शहर में ज्वैलरी शॉप से लाखों के गहने चोरी. सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना. इस तरह नजर आए चोर कि पुलिस…
सदर के रोहता बाग चौराहा पर हुई घटना
थाना सदर के रोहता बाग चौराहा पर पंडित जी ज्वैलर्स नाम से दुकान है. रविवार देर रात चोरों ने इस दुकान को निशाना बना लिया. चोर यहां से लाखों रुपये रुपये के गहने चोरी कर ले गए. इनमें छह किलो चांदी और 40 ग्राम सोने के आभूषण थे. यही नहीं चोर दुकान के अंदर से 12 हजार रुपये कैश भी ले गए. सुबह घटना की जानकारी होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकान में लगे सीसीटीवी चेक किए.
पूरी घटना हुई रिकॉर्ड
दुकान में चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. पुलिस ने देखा कि एक बदमाश अपने चेहरे को ढककर अंदर घुसता है और टॉर्च से दुकान के अंदर रखे सामान व आभूषणों को देखता है. उसके साथी भी साथ थे. थोडी देर में वह यहां से गहने और नकदी समेटकर भाग जाते हैं. पुलिस ने मौके से फिंगर प्रिंट के नमूने लिए हैं.
व्यापारियों में आक्रोश
इधर मुख्य मार्ग पर ही दुकान में चोरी होने से व्यापारियों में आक्रोश फैल गया. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस रात में गश्त के नाम पर केवल दिखावा करती है, जबकि चोर आसानी से दुकानों में घुसकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है. जल्द ही चोरों को पकड लिया जाएगा.