आगरालीक्स..(Agra News 29th April 2021).. आगरा में सेना के साथ मिशन आक्सीजन, अहमदाबाद से विशेष विमान से आया कंप्रेशन, टीम प्लांट चालू करने में लगी, रात को 36 टन आक्सीजन लेकर आएगा एयरफोर्स का मालवाहन विमान.
आगरा में आक्सीजन की कमी से हाहाकार मचा हुआ है। ऐसे में लिक्विड आक्सीजन के लिए एयरफोर्स का माल वाहन विमान दो टैंकर लेकर बुधवार को रांची पहुंच गया। वहां से 36 टन लिक्विड आक्सीजन लेकर टैंकर गुरुवार रात तक आगरा पहुंचने की उम्मीद है, इससे कोविड हास्पिटल में आक्सीजन की आपूर्ति की जाएगी।
अग्रवाल आक्सीजन प्लांट चालू करने में जुटी आर्मी की टीम
आगरा में हवा से आक्सीजन बनाकर उन्हें सिलिंडर में भरने के लिए सिकंदरा इंडस्ट्रियल एरिया में एडवांस आक्सीजन प्लांट है। इसमें कामर्शियल आक्सीजन सिलिंडर भरे जाते थे लेकिन अब मेडिकल आक्सीजन के सिलिंडर भरे जा रहे हैं, एक हजार से अधिक सिलिंडर तैयार हो रहे हैं। प्लांट के बाहर सुबह से ही लंबी लाइन लग रही है। इसके अलावा मैसर्स अग्रवाल प्लांट टेढी बगिया को चालू करने के प्रयास चल रहे थे, ट्रायल होने के बाद हवा से आक्सीजन बनाने वाला यह प्लांट चालू नहीं हो सका। इसके बाद सेना की मदद ली गई।
आगरा में आपरेशन आक्सीजन
अग्रवाल आक्सीजन प्लांट को चलाने के लिए सेना का विशेष विमान अहमदाबाद गया, वहां से रात 11 30 बजे विमान से कंप्रेशर सहित अन्य मशीन आगरा लाए गए हैं। इसके बाद सेना की टेक्किनल टीम ने काम शुरू कर दिया है। कंप्रेशर इंस्टाल कर दिया गया है, अब टीम प्लांट चलाने में लगी हुई है। इस प्लांट से 1600 आक्सीजन सिलिंडर 24 घंटे में भरे जा सकेंगे।