आगरालीक्स…आगरा में भाजपा कार्यालय पर जबर्दस्त भीड़. 100 वार्डों के लिए पार्षद पदों की अंतिम सूची हुई तैयार. मेयर प्रत्याशी को लेकर लग रहे यह कयास…
नगर निकाय चुनाव में नगर निगम में मेयर और पार्षदों के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है. 17 अप्रैल अंतिम तिथि है लेकिन अभी तक कोई नामांकन नहीं हुआ है. भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस और आप से दावेदारी कर रहे लोगों को प्रत्याशियों की सूची का इंतजार है. भाजपा के आगरा प्रभारी नगर विकास मंत्री एके शर्मा बुधवार को आगरा आए थे. उन्होंने मेयर पद और पार्षद पद के दावेदारों पर चर्चा की थी और सूची तैयार करने के आदेश दिए थे. भारतीय जनता पार्टी की ओर से कई वार्डों में पार्षद प्रतयाशियों के नाम लगभग तय हो गए हैं. कुछ वार्डों में दो से तीन दावेदारों के बीच कड़ी टक्कर है.

भाजपा कार्यालय पर भीड़
गुरुवार सुबह से ही भाजपा कार्यालय पर भीड़ लगी हुई है. दावेदार पार्षद पद के प्रत्याशियों के नाम जानने के लिए पहुंच रहे हैं. आधिकारिक रूप से अभी तक पार्टी की ओर से किसी के भी नाम की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन अंतिम सूची लगभग तैयार है.
सपा में प्रत्याशियों की सूची पर चल रहा विचार
सपा के जिला कार्यालय पर पार्षद पद के प्रत्याशियों की अंतिम सूची तैयार करने के लिए बैठक चलती रही. यहां भी बड़ी संख्या में दावेदार पहुंच गए. अभी किसी की टिकट फाइनल नहीं की गई है.
लखनऊ बुलाए गए बसपा प्रत्याशी
बसपा से मेयर पद पर प्रत्याशी पर लखनऊ से मुहर लगेगी. पदाधिकारियों को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पर बुलाया गया है और 15 अप्रैल के बाद मेयर और पार्षद पद के प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की जाएगी.
कांग्रेस और आप की सूची हो रही तैयार
मेयर और पार्षद प्रत्याशियों के लिए कांग्रेस और आप की ओर से भी सूची तैयार की जा रही है. जल्द ही दोनों पार्टियों की ओर से नामों की घोषणा की जाएगी.