आगरालीक्स …आगरा में आज जाम में फंस जाएंगे, नगर निगम में अंतिम दिन सोमवार को दो हजार नामांकन होंगे,
आगरा में नगर निगम चुनाव का सोमवार को अंतिम दिन हैं, अभी तक किसी भी पार्टी के मेयर प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया है। नगर निगम में नामांकन का समय सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक है। भाजपा से मेयर पद के प्रत्याशी नवीन जैन आगरा कॉलेज से जुलूस लेकर नामांकन करने पहुंचेंगे। बसपा से दिगंबर सिंह धाकरे स्पीड कलर लैब एमजी रोड से नामांकन के लिए जुलूस के साथ निकलेंगे और सपा से राहुल चतुर्वेदी संजय प्लेस स्थित कार्यालय से जुलूस लेकर नगर निगम तक आएंगे। इन सभी का समय 11 से दोपहर एक बजे तक है, इस दौरान एमजी रोड और उसके कनेक्टिंग रोड जाम हो जाएंगे।
रविवार को हुए 736 नामांकन, आज 2000 से अधिक
रविवार को मेयर, पार्षद, नगर पालिका, नगर पंचायत के लिए 736 नामांकन हुए हैं। सोमवार को अंतिम दिन दो हजार से अधिक नामांकन की उम्मीद है, इतने नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी है, इससे सुबह से ही नगर निगम में नामांकन के लिए भीड उमडेगी।
दोपहर 12 बजे के बाद एमजी रोड, सेंट पीटर्स रोड, हरीपवर्त रोड, भगवान टॉकीज से लेकर दयालबाग तक जाम लग सकता है, एक बार जाम लगने के बाद एमजी रोड सहित अधिकांश सडकों पर वाहन फंस जाएंगे, इससे घंटों जाम लगा रहेगा।
नामांकन के लिए टोकन सिस्टम, सभी को मिलेगा मौका
जिला प्रशासन द्वारा सोमवार को अंतिम दिन नामांकन पत्र जमा करने वालों की भीड को देखते हुए टोकन सिस्टम की व्यवस्था की है। वहीं निर्धारित समय तक जो भी प्रत्याशी नगर निगम परिसर में तीन बजे तक पहुंच जाएंगे, उन सभी के नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे, इसके लिए नगर निगम में रात तक काम चलेगा।
100 वार्डो में पार्षद पद के लिए 196, सात नगर पंचायतों व पांच नगर पालिका परिषदों में 152 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। वहीं मेयर के लिए नगर निगम में 11 पर्चे बिके जिसमें भाजपा प्रत्याशी नवीन जैन, उनकी पत्नी रेनू जैन, भाई प्रवीन जैन, बसपा प्रत्याशी दिगंबर सिंह, मुकेश, बिलाल अहमद, नीलू रानी, दिनेश कुमार शामिल हैं, जबकि पार्षद के लिए 152 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदे।
2158 नामांकन पत्रों की बिक्री
उप जिला निर्वाचन अधिकारी निधि श्रीवास्तव ने बताया कि अब तक मेयर/अध्यक्षों के 278 और सदस्यों के 2158 पर्चे बिके हैं। वहीं जिले में अब तक 791 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया है। नगर निगम में 250 और नगर पंचायतों व पालिका परिषदों में 541 प्रत्याशी शामिल हैं।