गुरुवार सुबह नाम वापसी के बाद चेंबर चुनाव में अध्यक्ष पद पर नरेंद्र सिंह और अशोक गोयल के नाम रह गए, जबकि उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पद पर एक-एक नाम वापस लिया गया।
शाम को चुनाव संचालन समिति की बैठक के बाद सदस्य पूर्व अध्यक्ष अतुल गुप्ता ने अध्यक्ष भुवेश अग्रवाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। 8 सदस्यीय संचालन समिति में महेंद्र सिंघल चेयरमैन हैं, जबकि मनीष अग्रवाल को-चेयरमैन। सदस्यों में पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, अमर मित्तल, मनोज बंसल, मुकेश अग्रवाल, अतुल गुप्ता और मौजूदा अध्यक्ष भुवेश अग्रवाल हैं। अतुल गुप्ता ने इस्तीफे के पीछे उन आरोपों को बताया, जिसमें कहा जा रहा है कि अध्यक्ष पद दावेदार नरेंद्र सिंह से इस साल अध्यक्ष बनाने का वादा उन्हीं की पहल पर हुई बैठक में किया गया था। अतुल गुप्ता के मुताबिक पिछले साल दस सदस्यों की बैठक हुई थी। इसमें पूर्व अध्यक्ष केके पालीवाल, अमर मित्तल, योगेंद्र सिंघल, अनिल गोयल और वह खुद थे। इसके अलावा पूरन डावर, वाई के गुप्ता, चरनजीत थापर, अनिल वर्मा और बब्बू साहनी भी थे। सभी ने भुवेश अग्रवाल के नाम पर सहमति बनाकर नरेंद्र सिंह से नाम वापस कराया था, लेकिन उनसे अगले साल अध्यक्ष के लिए कोई वादा नहीं किया गया था। फिर वह इस साल वादा खिलाफी के आरोप क्यों लगा रहे हैं। इन आरोपों से वह आहत थे, इसीलिए इस्तीफा दिया। अब वह मुक्त महसूस कर रहे हैं।
Leave a comment