नईदिल्ली लीक्स… मध्य प्रदेश में विधवा से गैंगरेप कर हैवानियत। बिहार में भाजपा-राजद में बयानबाजी। चीन में कोरोना की नई लहर समेत देश-विदेश की अब तक की खबरें।
बिहार की राजनीति में दावे-प्रतिदावे
बिहार की राजनीति में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा। मुख्यमंत्री नीतिश कुमार भाजपा पर निशाना साध रहे हैं तो राजद दावा कर रही है कि वह जेडीयू को तोड़ने वाली है। इस बीच बिहार भाजपा के प्रभारी भूपेंद्र यादव ने नया दावा ठोंक दिया है। भूपेंद्र यादव ने तेजस्वी यादव से कहा है कि मकर संक्रांति के बाद राजद टूट जाएगी। उन्होंने तेजस्वी को चुनौती दी है कि वह बचा सकें तो अपनी पार्टी को टूटने से बचा लें, वरना उनकी पार्टी में टूट होना तय है। भूपेंद्र यादव की चुनौती का जवाब देते हुए राजद के मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि, हमारी चुनौती है भाजपा को, बिहार में अगर सरकार बचा सके तो बचा ले, भाजपा ज्यादा छटपट करेगी तो खरमास में ही आरजेडी खेलकर देगी और भाजपा को तहस-नहस कर देगी। यह आरजेडी की तरफ से खुली चुनौती है।
पकड़ा गया चीनी सैनिक लौटाया
लद्दाख में सीमा पार कर घुसे चीनी सैनिक को भारतीय सेना ने पकड़ लिया, जिसे बाद में भारत ने वापस चीन को सौंप दिया। भारतीय सैनिकों ने चुशुल मोलडो सीमा प्वाइंट पर चीनी सैनिक को दो दिन पूर्व पकड़ा था ,जिसे आज सुबह पीपुल्स लिबरेशन आर्मी को सौंप दिया गया। पकड़े गए चीनी सैनिक के साथ निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई और जांच की गई। पकड़े जाने के बाद चीनी सेना ने कहा था कि उक्त सैनिक अंधेरे में भटक कर भारतीय क्षेत्र में दाखिल हो गया था। चीन के अनुरोध पर उक्त सैनिक को वापस लौटाया गया।
एमपी में विधवा से गैंगरेप कर हैवानियत
देश में महिलाओं के साथ पाश्विकता की घटनाओं में तेजी से वृद्धि हुई है। ताजा मामला एमपी के सीधी जिले में हुआ, जहां एक दिल दहला देने वाली घटना में एक विधवा के साथ तीन लोगों ने गैंगरेप किया और उसके प्राइवेट पार्ट में चार फीट लंबी लोहे की छड़ डाल दी। महिला की हालत नाजुक है उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। महिला को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ने के बाद रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अर्जुन रामपाल की बहन को समन
फिल्म अभिनेता अर्जुन रामपाल की बहन कोमल रामपाल को नॉरकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने ड्रग्स से जुड़े मामले में आज पूछताछ के लिए बुलाया है। एनसीबी ने मुंबई के मुच्छड़ पानवाले को भी ड्रग्स मामले में पूछताछ के लिए बुलाया है। पता चला है कि पानवाला करण सजनानी के सम्पर्क में था।
चीन में कोरोना की नई लहर से हड़कंप
चीन के हेबेई प्रांत में कोरोना संक्रमण के 380 से ज्यादा मामले प्रकाश में आने से हड़कंप मच गया है। हेबेई में नये मामलों से चीन की राजधानी बीजिंग में चिंता बढ़ गई है। हेबेई और बीजिंग के बीच आवाजाही रोक दी गई है। लोगों को संक्रमित नहीं होने का प्रमाण देना पड़ रहा है। हेबेई के अधिकांश मामले प्रांत की राजधानी शुजाआजुआंग के हैं। कुछ मामले शिंगताई शहर में भी मिले हैं।