नईदिल्लीलीक्स… सीबीआई ने फेसबुक से भारतीयों का डाटा चोरी करने के आऱोप में ब्रिटेन की कंपनी पर केस दर्ज किया है। नीतीश सोशल मीडिया के खिलाफ सख्त। साथ में देश-विदेश की खबरें।
कैंब्रिज एनालिटिका के खिलाफ सीबीआई जांच
ब्रिटेन की कंपनी कैंब्रिज एनालिटिका के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो एजेंसी सीबीआई ने भारतीय फेसबुक यूजर्स के डाटा चोरी के आऱोप में केस दर्ज किया है। सीबीआई में एक और ब्रिटिश कंपनी ग्लोबल साइंस रिचर्स के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बताया कि फेसबुक डाटा चोरी मामले की जांच सीबीआई को सौंपी है। सीबीआई को फेसबुक की ओर से बताया गया कि 5.62 लाख भारतीय फेसबुक यूजर्स का डाटा ग्लोबल साइंस रिसर्च ने अवैध रूप से जमा किया और इसे कैंब्रिज यूनिवर्सिटी के साथ साझा किया। आरोप है कि इस डाटा का प्रयोग भारत में चुनाव को प्रभावित करने के लिए किया गया है।
नीतीश के खिलाफ लिखा तो कार्रवाई
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सोशोल मीडिया के खिलाफ गुस्सा कोई नई बात नहीं है। नीतीश अपनी सार्वजनिक सभाओं में सोशल मीडिया के पोस्ट को अपने खिलाफ भ्रामक और झूठी सूचनाओं वाला बताते रहे हैं, लेकिन अब उनकी सरकार ने ऐसी पोस्टों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का फैसला किया है। सरकार के खिलाफ पोस्ट लिखने पर जेल भी भेजा जा सकता है। राज्य की आर्थिक अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नैयर हसनैन खान ने सरकार के खिलाफ प्रधान सचिवों को पत्र लिखकर सरकारी पदाधिकारियों, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों तथा सरकार के किसी भी अफसर के खिलाफ सोशोल मीडिया और इंटरनेट पोस्ट करने पर कार्रवाई करने को कहा है।
पुलिस ने ही लूटा व्यापारियों का माल
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में जनपद में सर्राफा व्यापारियों से लाखों की लूट करने वाले लुटेरे पुलिस के लोग ही थे। इस मामले का खुलासा होने के बाद एक सब इंस्पेक्टर और दो कांस्टेबिल को गिरफ्तार कर लिया गया है। लूट के वक्त ये तीनों पुलिसकर्मी पुलिस की वर्दी में थे। बीती 20 जनवरी को महाराजगंज के दो व्यापारी जेवरात और नकदी लेकर बस से गोरखपुर से लखनऊ जा रहे थे। रास्ते में तीन पुलिसवालों ने उन्हें छानबीन के नाम पर उन्हें बस से उतारा और एक ऑटो से अगवा कर ले गए थे। इन व्यापारियों से 35 लाख रुपये का सोना, चांदी और नकदी लूटकर तीनों पुलिसकर्मी फरार हो गए थे। गोरखपुर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिये उक्त पुलिसकर्मियों की पहचान की।
भारत-अमेरिकी रिश्ते और दृढ़ होंगे
अमेरिकी राष्ट्रपति के कार्यालय ने कहा है कि कमला हैरिस के अमेरिका के उपराष्ट्रपति बनने से भारत और अमेरिका के बीच संबंध और मजबूत होंगे। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने प्रेस कान्फ्रेंस में कहा कि राष्टपति बाइडेन दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे द्विपक्षीय सफल संबंधों का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय मूल की कमला हैरिस के उपराष्ट्रपति बनने से दोनों देशों के बीच संबंध और प्रगाढ़ होंगे। साकी ने कहा कि बाइडेन ने कमला हैरिस का चुनाव किया है। वह पहली भारतवंशी महिला हैं, जो अमेरिका की उपराष्ट्रपति बनी हैं। इस पर हम सबको गर्व है।