नईदिल्लीलीक्स… जस्टिस एनवी रमणा सुप्रीम कोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश होंगे। महाराष्ट्र में पुलिसकर्मियों के व्यापक पैमाने पर तबादले। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
परमबीर की अर्जी खारिज, हाईकोर्ट भेजा
मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई करते हुए कहा कि आप हाईकोर्ट क्यों नहीं गए। सुप्रीम कोर्ट ने परमबीर सिंह की याचिका को खारिज कर हाईकोर्ट जाने को कहा है। उल्लेखनीय है कि परमबीर सिंह ने महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख पर सौ करोड़ की वसूली का आऱोप लगाते हुए इस मामले की सीबीआई से जांच कराने तथा होमगार्ड विभाग में अपने ट्रांसफार को चुनौती दी है। परमबीर सिंह ने राज्य सरकार के इस आदेश को अवैध और मनमाना करार दिया है। उन्होंने गृहमंत्री देशमुख के घर के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज को जब्त कर उनकी जांच कराने की मांग की है।
महाराष्ट्र पुलिस में व्यापक ट्रांसफर
उद्धव ठाकरे सरकार ने राज्य पुलिस में सफाई अभियान चलाया है। महाराष्ट्र पुलिस के 86 पुलिस कर्मियों और अफसरों के तबादले किए गए हैं। इनमें 65 पुलिसवाले मुंबई क्राइम ब्रांच के हैं। हाल ही में मुंबई के पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह का ट्रांसफर किया गया है। इसके बाद यह व्यापक पैमाने पर तबादले किए गए हैं। इन तबादलों से कुछ देर पहले महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मुलाकात की थी।
जस्टिस रमणा होंगे नए सीजेआई
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एसके बोबडे ने अपने उत्तराधिकारी के नाम की जानकारी कानून मंत्रालय को दे दी है। जस्टिस एनवी रमणा सुप्रीम कोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश होंगे। जस्टिस बोबडे अगले महीने सेवानिवृत्त हो रहे हैं। केंद्र सरकार ने नये चीफ जस्टिस की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस क्रम में मंत्रालय के चीफ जस्टिस बोबड़े से अपने उत्तराधिकारी के नाम की सिफारिश मांगी थी, जो आज कानून मंत्रालय को दी है।
इस्रायली पीएम नेतन्याहू ने किया जीत का दावा
इस्राइस में दो वर्ष से कम समय में हुए चौथे चुनाव में प्रधानमंत्री बेन्जामिन नेतन्याहू ने जीत का दावा किया है लेकिन वह फिर एक बार जीत के लिए जरूरी बहुमत से दूर रह सकते हैं। इस्राइल की सत्ता पर सबसे ज्यादा समय तक पीएम रहे नेतन्याहू ने कल मंगलवार को हुए चुनाव में उम्मीद जताई है कि चुनाव में दक्षिणपंथी गठबंधन को अपने साथ एकजुट कर पाएंगे। हालांकि 2019 के बाद हुए तीन चुनावों में वह ऐसा कर पाने में विफल रहे थे।