नईदिल्लीलीक्स… ( 3 april ) । लखनऊ में सप्तक्रांति एक्सप्रेस दो हिस्सों में बंटी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि किसान नेता टिकैत पर हमला संघ ने कराया है। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
दो हिस्सों में बंट गई सप्तक्रांति एक्सप्रेस
लखनऊ में सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। कपलिंग टूटने से दो हिस्सों में बंटी ट्रेन का आधा हिस्सा करीब एक किलोमीटर आगे निकल गया। घटना की जानकारी होने पर रेलवे कंट्रोल रूम को इत्तला दी गई, तब जाकर ट्रेन को जोड़ा जा सका। ट्रेन के चालक की सूझबूझ के चलते कोई भी बड़ा हादसा होने से बच गया। दिल्ली के आनन्द विहार से चलकर मुजफ्फरपुर जाने वाली यह ट्रेन रात पौने ग्यारह बजे लखनऊ पहुंचती हैं। यहां दस मिनट का इसका स्टाप है।
पांच अप्रैल से चलेंगी 71 अनारक्षित ट्रेनें
देश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच रेलवे ने 71 अनारक्षित ट्रेन सोमवार से चलाने का फैसला किया है। रेल मंत्रालय ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। ट्वीट के अनुसार पांच अप्रैल से देश में 71 अनारक्षित ट्रेनें चलाने का फैसला किया गया है। यह ट्रेन यात्रियों को सुरक्षित और आरामदेह सफर को सुनिश्चित करेंगी।
टिकैत पर हमला संघ ने करायाः राहुल
किसान नेता राकेश टिकैत पर शुक्रवार को राजस्थान के अलवर में हुए हमले पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संघ और भाजपा पर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ही भाजपा नेताओँ पर अपने विरोधियों पर हमला करना सिखाता है। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर संघ का मुकाबला करेंगे और तीनों कृषि कानूनों को रद्द कराकर ही दम लेंगे।
बाइडन ने बदला ट्रम्प का एक और फैसला
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कई नीतियों को लगातार समाप्त करते जा रहे हैं। प्रवासी कानून, जलवायु परिवर्तन औऱ डब्ल्यूएचओ में वापसी के बाद बाइडेन प्रशासन ने अब ट्रंप के उस फैसले को भी बदल दिया है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय के दो अफसरों पर पाबंदियां लगाई गईं थीं। ट्रम्प के इस आदेश को अंतरराष्ट्रीय संस्थानों औऱ अधिकारियों पर निशाना बनाने वाला आक्रामक फैसला माना गया था।