आगरालीक्स….पीएम बोले-कुछ ही हफ्तों में तैयार हो जाएगी वैक्सीन. जल्द लगना शुरू होगा कोरोना का टीका. बॉलीवुड सेलेब्स तक पहुंचा कोरोना, कई आए चपेट में..आगरा सहित देश दुनिया की बड़ी खबरें.
कुछ हफ्तों में तैयार हो जाएगी वैक्सीन
वैक्सीन की तैयारी को लेकर आज प्रधानमंत्री मोदी ने सर्वदलीय बैठक में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जानकारी दी कि कुछ हफ्तों में वैक्सीन तैयार हो जाएगी. उन्होंने बताया कि वैक्सीन का पहला टीका बीमार और हेल्थ वर्कर्स को लगाया जाएगा. गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह से प्रधानमंत्री मोदी वैक्सीन के काम को लेकर काफी सक्रिय हैं. उन्होंने इससे पहले देश में तीन स्थानों पर बन रही वैक्सीन की जानकारी वहां पहुंचकर ली थी, यही नहीं वह वैक्सीन के संबंध में पहले भी सर्वदलीय बैठक कर चुके हैं.
भारतवंशी गीतांजलि ने बढ़ाया मान
15 साल की भारतवंशी गीतांजलि राव ने भारत का मान बढ़ाया है. टाइम मैग्जीन ने उन्हें किड ऑफ ईयर चुना है. मैगजीन ने पहली बार इस कैटेगरी में किसी को चुना है. इतनी छोटी सी उम्र में गीतांजलि के नाम काफी कामयाबी हैं. मैगजीन ने उन्हें साइंटिस्ट और इनवेंटर बताया है. मैगजीन के अनुसार गीतांजलि ने पीने के पानी में पॉल्यूशन रोकने, अफीम की लत छुड़ाने के साथ-साथ साइबर बुलींग रोकने में शानदार काम किया है. उन्होंने इसके लिए ऐप भी तैयार किया है.
बॉलीवुड के बड़े कलाकारों को कोरोना!
कोरोना संक्रमण ने बॉलीवुड के बड़े कलाकारों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है. चंडीगढ़ में चल रही फिल्म जुग जुग जियो के कलाकार वरुण धवन, अनिल कपूर, नीतू कपूर के साथ-साथ फिल्म निर्देशक राज मेहता इसकी चपेट में आ गए हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार चारों की कोरोना रिपोर्ट गुरुवार शाम पॉजिटिव आई है. हालांकि अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
आंदोलन को बढते जा रहे किसान
कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन उग्र होता जा रहा है. देश के कई राज्यों से किसानों का पहुंचना शुरू हो गया है. हाल ये है कि 9 प्वाइंट्स पर तो आवाजाही ही बंद है. टिकरी बॉर्डर से निकली मेट्रों लाइन के किनारे करीब 26 किलोमीटर तक किसानों के ट्रक और वाहन खड़े हुए हैं. यहां का नजारा बिल्कुल मिनी पंजाब जैसा है. सरकार के साथ किसानों की कल अहम बैठक होनी है.